छतरपुर

राज्यपाल की अध्यक्षता में एमसीबीयू में पंचम दीक्षांत समारोह आज, पंचम  दीक्षांत समारोह की हुई फुल एंड फाइनल रिहर्सल,19 शोधार्थी डॉक्टरेट की उपाधि से होंगे विभूषित

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। महाराज छत्रसाल बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय, छतरपुर का भव्य पांचवा दीक्षांत समारोह आज वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को शताब्दी हाल परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से राज्यपाल माननीय श्री मंगु भाई जी पटेल की गरिमामयी अध्यक्षता में आयोजित होगा। सारस्वत अतिथि के रूप में अध्यक्ष, म.प्र. निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, प्रो खेमसिंह डहेरिया, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीमती ललिता यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। गुरुवार को समारोह की फुल एंड फाइनल रिहर्सल कुलगुरु प्रो राकेश कुशवाह , रजिस्ट्रार श्री यशवंत सिंह पटेल, दीक्षांत समारोह समन्वयक डा ममता बाजपेई की उपस्थिति में हुई।
     
मीडिया समिति सदस्य श्रीमती पूजा तिवारी एवं श्री एन के पटेल के मुताबिक इस रिहर्सल में स्वर्ण पदक और उपाधियां प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों, शोध छात्रों, एनसीसी तथा एनएसएस के छात्र छात्राओं , संगीत विभाग के दल आदि ने अपने उम्दा कार्य की प्रस्तुति दी। 23 जनवरी 2026 को आयोजित दीक्षांत समारोह में यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत सभी संकायों के छात्र–छात्राएं तथा शोधार्थी अपनी निर्धारित यूनिफार्म तथा परिचय पत्र(आई कार्ड) के साथ ही 23 जनवरी को प्रातः 10 बजे  कार्यक्रम स्थल पर सायकिल स्टैंड वाले छोटे गेट से प्रवेश करेंगे। सभी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सायकिल स्टैंड से वाणिज्य विभाग तक की गई हैं।
       
कार्यक्रम दीक्षांत शोभा यात्रा से प्रारंभ होगा। राष्ट्रगान, सरस्वती वंदना एवं कुलगान के पश्चात कुलगुरु प्रो राकेश कुशवाह स्वागत भाषण देंगे तथा विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करेंगे। दीक्षांत समारोह में 278 प्रतिभागियों को उपाधियां तथा इनमें से सर्वोच्च अंक पाने वाले 46 प्रतिभागियों  को स्वर्ण पदक एवं 19 शोधार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल जी के कर कमलों से प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर उपाधिधारक शपथ ग्रहण करेंगे। मंचासीन अतिथि विश्वविद्यालय की स्मारिका दीक्षावाणी का विमोचन भी करेंगे। 22 जनवरी को सभी शोध छात्रों का उनके विभाग के शोध निदेशकों के साथ फोटो शूट किया गया। सभी स्वर्ण पदक प्राप्त उपाधिधारक एवं शोध छात्र अपनी निर्धारित सुंदर सजीली वेशभूषा में अत्यंत आकर्षक लग रहे थे। कार्यक्रम के अध्यक्ष राज्यपाल माननीय श्री मंगु भाई जी पटेल अपना अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे। सारस्वत अतिथि डॉ खेमसिंह डहेरिया दीक्षांत उद्वोधन देंगे। जबलपुर से आमंत्रित पुलिस बैंड पार्टी राष्ट्रगान की मनोहारी प्रस्तुति देगी।
     
जिला, पुलिस तथा नगरीय प्रशासन दीक्षांत समारोह के लिए अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।कुलसचिव श्री यशवंत सिंह पटेल ने यूनिवर्सिटी के पीजी कक्षाओं के सभी नियमित विद्यार्थियों से अपने संकाय की निर्धारित यूनिफार्म तथा आई कार्ड पहन कर दीक्षांत समारोह में अधिकतम संख्या में उपस्थित होने का आव्हान किया है। सभी आमंत्रित आगंतुकों से पूर्वाह्न 10 : 30 दस बजे तक अपना स्थान ग्रहण करने का अनुरोध यूनिवर्सिटी प्रशासन ने किया है।

Related Articles

Back to top button