छतरपुर

जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक छतरपुर के निरीक्षण में संपन्न हुई गणतंत्र दिवस फाइनल परेड रिहर्सल

पुलिस परेड ग्राउंड का भौतिक निरीक्षण एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर दिए गए दिशा निर्देश

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। दिनांक 26 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड पुलिस लाइन परिसर में राष्ट्रीय सलामी, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इस हेतु विगत दिनों से पुलिस परेड ग्राउंड में रिहर्सल निरंतर की जा रही थी।

आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड का फाइनल रिहर्सल संपन्न हुआ। सर्वप्रथम राष्ट्रीय सलामी हुई। जिला दंडाधिकारी कलेक्टर छतरपुर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन द्वारा फाइनल परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया गया। परेड निरीक्षण उपरांत पृथक पृथक प्लाटून का भी निरीक्षण किया गया, हर्ष फायरिंग हुई।

गणतंत्र दिवस परेड में सम्मिलित पुलिस बैंड प्लाटून का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। परेड पुलिस प्लाटून बैंड की धुन में सम्पन्न हुई। तत्पश्चात विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र छात्राओं द्वारा वाद्य यंत्र, संगीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी कर प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधीक्षक छतरपुर द्वारा परेड कमांडर, समस्त प्लाटून कमांडरों एवं परेड में उपस्थित बल को निर्धारित साफ गणवेश, पंक्तिबद्ध मार्च, कमांड व हर्ष फायरिंग हेतु दिशा निर्देश दिए गए।

जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संपूर्ण परिसर का निरीक्षण करते हुए परिसर में व्यवस्थाओं हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो इस हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए।

गणतंत्र दिवस परेड के परेड कमांडर श्री लेखराज मीणा आईपीएस(पी) के कमांडिंग नेतृत्व में जिला पुलिस बल छतरपुर, विशेष सशस्त्र बल कंपनी 29वीं बटालियन दतिया, पुलिस बैंड प्लाटून, नगर सैनिक बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर, गाइड, शौर्य दल सहित विभिन्न प्लाटून द्वारा परेड मार्च रिहर्सल संपन्न किया गया। गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल पर अपर कलेक्टर छतरपुर मिलिंद नागदेव, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा एवं संबंधित सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button