हमने भइया वोट डार दई अब 17 तारीख खो सबजने डार आइयो: 88 वर्षीय नन्नाई बाई
घर से मिली मतदान करने की सुविधा से प्रसन्न हैं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता, जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ मतदान

छतरपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2023 में 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता और दिव्यांग मतदाता जिनकी निःशक्तता 40 प्रतिशत से अधिक है के लिए डाक मतपत्र से घर पर ही मतदान करने की सुविधा दी गई है। इस सुविधा से छतरपुर जिले के बुजुर्ग मतदाता प्रसन्न हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जी.आर. के निर्देशन में सभी विधानसभा क्षेत्रों में 12डी फॉर्म उपलब्ध कराये गए थे। जिनमें सहमति देने वाले ऐसे 748 मतदाताओं को घर से ही मतदान करने की सुविधा दी गई।
छतरपुर विधानसभा के ग्राम कदारी की 92 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती बिट्टन अवस्थी एवं पैर से दिव्यांग 32 वर्षीय महिला श्रीमती वंदना अवस्थी दोनों ने घर से ही मतदान करने की सुविधा का लाभ उठाया। दोनांे एक ही परिवार से है और रिश्ते में सास-बहू हैं। वे कहती हैं कि हम वोट डालना चाहते थे और हमारी यह इच्छा निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई सुविधा से पूरी हो सकी। हमें मतदान केन्द्र तक पहुंचना कठिन पर मिली सुविधा से घर से ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसी गांव के 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती नन्नाईबाई इनकी सुनने उम्र के कारण सुनने की क्षमता कम हो गई है और चलने फिरने में भी दिक्कत होती है। अब घर से ही मतदान करके प्रसन्न हैं। वे कहती हैं हमने भइया वोट डार दई अब 17 तारीख खो सबजने डार आइयो। ग्राम की वृद्ध महिला श्रीमती सरी कुशवाहा ने भी घर से ही मतदान किया। उनकी उम्र 100 है। वे भी अपने मताधिकार का उपयोग कर खुश हैं। ग्राम की 82 वर्षीय वृद्ध महिला श्रीमती रामप्यारी सेन शारीरिक रूप अत्यंत कमजोर हैं। ज्यादातर समय बिस्तर पर ही आराम करती हैं। वे घर से ही मतदान करने के बाद उत्साहित है।

















