छतरपुर

अतुल्य भारत की झलकियों के बीच शीलिंग पब्लिक स्कूल ने मनाया 26वाँ वार्षिकोत्सव

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। 26 वर्षों की गौरवशाली शिक्षायात्रा पूरी करने वाले नगर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक शीलिंग पब्लिक स्कूल में रविवार, 1 फरवरी 2026 को भव्य वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ (अतुल्य भारत) रखी गई थी, जिसमें देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता की सुंदर झलकियां प्रस्तुत की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सचिव लीगल एड सेल विष्णु सोलंकी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एस.डी.एम. छतरपुर अखिल राठौर, सी.एम.एच.ओ. डॉ. आर.पी. गुप्ता, बॉलीवुड चाइल्ड स्टार माही सोनी तथा राइजिंग बॉलीवुड स्टार मनु खरे ने शिरकत की।

कार्यक्रम में प्राचार्या ख्याति गौतम ने सभी अतिथियों का पौधा भेंट, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिन्ह के माध्यम से ससम्मान स्वागत किया।

इसके अलावा नगर के अन्य गणमान्य अतिथियों में लायंस क्लब के ज़ोन चेयरपर्सन एवं पार्षद सुशील शिवहरे, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद नीरज भार्गव, छतरपुर बार काउंसिल के अध्यक्ष एडवोकेट शिवप्रताप सिंह चौहान, लोक गायक राजेश तिवारी, एडवोकेट सुनील तिवारी, एडवोकेट देवेंद्र अनुरागी, एडवोकेट ओम नारायण शुक्ला, गहोई यूथ क्लब के अध्यक्ष सी.ए. उमेश बरसैयाँ, समाजसेवी शंकर लाल सोनी, वरिष्ठ पत्रकार श्याम किशोर अग्रवाल सहित डॉ. विरुज खरे, ब्रह्मकुमारी रीना दीदी, राधेश्याम सोनी, अंकुर यादव, लायंस क्लब के विभिन्न पदाधिकारी और संस्था के मुखिया रामकिशोर नगरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।

संस्था के एम.डी. संजीव आर. नगरिया ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया और ‘अतुल्य भारत’ थीम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय ने पूर्व छात्रों को सम्मानित करने की नई परंपरा की शुरुआत की। प्रबंधन ने घोषणा की कि भविष्य में प्रत्येक प्रमुख आयोजन में नियमित रूप से 11 पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, ताकि पूर्व विद्यार्थियों का उत्साह बढ़े और वर्तमान छात्रों को प्रेरणा मिले।

सम्मानित यशस्वी पूर्व छात्रों में सौरभ अग्रवाल, कीर्तिवर्धन सिंह बघेल, डॉ. सौम्या अग्रवाल, डॉ. आकांक्षा बादल, राघव गुप्ता, मो. सादिक, रोहित असाटी, विवेक गुप्ता, संस्कार पाठक, उमंग चतुर्वेदी एवं मो. रेहान अहमद शामिल रहे। सभी को माल्यार्पण एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका संध्या श्रीवास्तव, रेशु अरजरिया तथा छात्रों प्राजुल, दीपेश, सौम्या एवं दक्ष ने कुशलतापूर्वक किया।

मुख्य अतिथि विष्णु सोलंकी ने अपने उद्बोधन में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ये कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अन्य अतिथियों ने भी थीम की सराहना की, विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के परिश्रम की प्रशंसा की। उन्होंने भारत की संप्रभुता, सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर जोर दिया।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रस्तुतियों में राजस्थान का घूमर, मराठी नृत्य, पंजाब की भांगड़ा, माता-पिता सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, बनारसी पान, योग एवं सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न नृत्य-नाटिकाएं शामिल रहीं। हिंदी-अंग्रेजी के सुंदर समन्वय वाली इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Related Articles

Back to top button