छतरपुर

विक्रमपुर में जन सहयोग से नवनिर्मित पुलिस सहायता केंद्र का किया गया लोकार्पण

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिले के थाना राजनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विक्रमपुर में जन सहयोग से निर्मित पुलिस सहायता केंद्र का आज पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन एवं राजनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री अरविंद पटेरिया द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया।

इस पुलिस सहायता केंद्र के खुलने से थाना राजनगर के ग्राम विक्रमपुर के आसपास के ग्रामों के ग्राम वासियों एवं आवागमन करने वाले राहगीरों के लिए सुविधा रहेगी। अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के मूवमेंट पर निगरानी रहेगी एवं आपराधिक गतिविधि पर नियंत्रण रहेगा। इस क्षेत्र में आकस्मिक पुलिस सेवा डायल 112,  थाना के मोबाइल निरंतर पेट्रोलिंग में रहेंगे।

पूर्व में क्षेत्रवासियों द्वारा जनसंवाद के माध्यम से पृथक – पृथक क्षेत्र में पुलिस सहायता केंद्र की आवश्यकता जताई गई थी, जिसे दृष्टिगत रखते हुए श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार देरी तिराहा पुलिस सहायता केंद्र, संकट मोचन तिराहा पुलिस सहायता केंद्र, बस स्टैंड पुलिस सहायता केंद्र, छत्रसाल चौक, महोबा रोड जानराय टोरिया का निर्माण कराया गया था जो वर्तमान में सक्रिय है एवं सकारात्मक प्रभावी है।

लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी की उपस्थिति में जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। जनसंवाद में आपराधिक गतिविधि में नियंत्रण हेतु विस्तार से चर्चा की गई। साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों द्वारा पुलिस जनसंवाद, ऑनलाइन शिकायतकर्ताओं से संवाद, इत्यादि अभियानों की प्रशंसा की गई।

यह पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, क्षेत्रवासियों, आगुन्तकों, राहगीरों की सहायता तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु एक सक्रिय केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उद्घाटन के उपरांत पुलिस अधिकारियों ने केंद्र का निरीक्षण किया। आवश्यक व्यवस्थाओं एवं जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जन सहयोग से निर्मित यह पुलिस सहायता केंद्र जन सेवा हेतु समर्पित है, क्षेत्र वासियों एवं पुलिस अधिकारियों ने परस्पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एसडीओपी खजुराहो श्री मनमोहन सिंह बघेल, थाना प्रभारी राजनगर उप निरीक्षक अतुल कुमार झा, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button