छतरपुर

“ऑपरेशन विश्वास” के अंतर्गत वर्ष 2025 में 1018 गुम मोबाइल कीमत करीब ₹1 करोड़ 83 लाख तलाश कर आवेदकों को किए गए सुपुर्द, मध्य प्रदेश राज्य में छतरपुर जिले का चौथा स्थान

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में गुम या चोरी हुवे मोबाइल फोनों की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के अंतर्गत छतरपुर पुलिस निरंतर कार्यवाही कर रही है। इस अभियान के तहत वर्ष 2025 में 1018 गुम/चोरी हुए मोबाइल फोनों को तकनीकी विश्लेषण एवं विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के समन्वय से सफलतापूर्वक ट्रेस कर आवेदकों को सुपुर्द किया गया है। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कुल कीमत ₹1 करोड़ 83 लाख आँकी गई है।

गुम मोबाइल बरामदगी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला छतरपुर ने मध्य प्रदेश राज्य में चौथा स्थान (4th Rank) प्राप्त किया है। यह उपलब्धि 56 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ हासिल की गई है, जो राज्य स्तर पर छतरपुर पुलिस की तकनीकी दक्षता, तत्परता एवं नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल एवं दूरसंचार कंपनियों के सहयोग से मोबाइल ट्रेसिंग, साइबर सेल एवं थाना स्तर पर कार्यवाही एवं त्वरित सत्यापन के बाद मोबाइल धारकों को सुरक्षित सुपुर्दगी की गई है। यह अभियान नागरिकों के आर्थिक नुकसान की भरपाई में सहायक सिद्ध हुआ है, साथ ही आमजन में यह संदेश भी गया है कि गुम मोबाइल की रिपोर्ट करना सार्थक एवं प्रभावी है।

छतरपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि
मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या CEIR पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।
मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को तत्काल दें। छतरपुर पुलिस द्वारा “ऑपरेशन विश्वास” के अंतर्गत यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button