एकता चेतना यात्रा एवं मिलन समारोह का आयोजन

@दमोह। शहर के किल्लाई नाका स्थित ग्वाल बाबा मंदिर प्रांगण में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एकता चेतना यात्रा एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच संतुलन और एकता बनाए रखने से ही बड़ी से बड़ी बाधाओं को पार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक कार्यों में ऊर्जा लगाने और समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।

अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मानवाधिकार आयोग में लंबित मामलों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पिछले दो-तीन महीनों में सड़क दुर्घटना, सर्पदंश, डूबने सहित अन्य घटनाओं से जुड़े करीब एक करोड़ रुपये के लंबित भुगतान का निराकरण किया गया है।

मुंगावली विधायक राव बृजेन्द्र सिंह यादव ने युवाओं को जागरूक रहने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही, जबकि छतरपुर विधायक ललिता यादव ने महिला जागरूकता, समाज सुधार और कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष रश डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, दमोह विधायक जयंत मलैया, पूर्व मंत्री हर्ष यादव, यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव, जिला अध्यक्ष कृष्णा यादव, मुकेश यादव, जयपाल यादव, संजय यादव, शैलू यादव और मंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

बुंदेली सांस्कृतिक महोत्सव और सामूहिक वंदे मातरम् गायन
इसी क्रम में संस्कृति मंत्रालय, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से छात्र सर्व कल्याण समिति द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में बुंदेली सांस्कृतिक महोत्सव एवं सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बुंदेलखंड के प्रसिद्ध लोकगीत गायक विजय तिवारी, वंदना शर्मा, चंद्रवती शर्मा, नितिन खरे और उनकी टीम ने लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
वहीं, सामूहिक वंदे मातरम् का गायन शिवानी जैन, डोली कटहरे, दीक्षा राय, नैना तिवारी और अभिलाषा पांडे द्वारा किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

















