सुशासन दिवस की शपथ दिलाई गयी

छतरपुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के पूर्व शासकीय अवकाश होने के कारण शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सुशासन दिवस मनाया गया। अपर कलेक्टर नमः शिवाय अरजरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 11 बजे अधिकारियों और कर्मचारियों को सुशासन दिवस की शपथ दिलाई। इसके पूर्व उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण किया।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ ली कि वे सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए, शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केन्द्रित तथा जवाबदेह बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने एवं जिले के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर जी.एस. पटेल व रामनिवास चौधरी और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।