2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जाएगा: समस्त ग्राम पंचायतों में कृषि रथ के माध्यम से होगा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश में वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में कृषि रथ के माध्यम से विभिन्न कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

कृषि रथ संचालन के माध्यम से किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन द्वारा उर्वरक वितरण व्यवस्था एवं विभागीय कृषि योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा कृषि रथ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया गया है, जिसकी समीक्षा प्रति सप्ताह की जाएगी।
जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन
समिति के अध्यक्ष जिला कलेक्टर होंगे। सचिव के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा सह-सचिव उप संचालक कृषि होंगे। समिति में सहायक संचालक उद्यानिकी, उप पंजीयक सहकारी समितियां, उप संचालक मत्स्य पालन, पशुपालन, जिला योजना अधिकारी, लोक शिक्षण, पंचायत, आदिवासी विकास, रेशम विभाग, जल संसाधन विभाग, मंडी समिति सचिव, वन मंडल अधिकारी, अधीक्षक भू-अभिलेख, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लीड बैंक अधिकारी एवं परियोजना संचालक आत्मा सदस्य के रूप में शामिल हैं।
11 जनवरी को होगा कृषि रथ का शुभारंभ
जिला मुख्यालय पर 11 जनवरी 2026 को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कृषि रथ का शुभारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जिले के समस्त विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में कृषि रथ का संचालन किया जाएगा तथा समिति द्वारा इसकी निरंतर समीक्षा की जाएगी।

















