बागेश्वर धाम में सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित पंचम विशाल सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में शामिल हुए और नव दंपत्तियो को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सफल और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं भी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और देश के अन्य स्थानों से उपस्थित संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में गरीब परिवारों की 156 कन्याओं के विवाह संपन्न हुए।
बागेश्वर धाम में बुंदेलखंड महाकुंभ के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का यह पंचम आयोजन था। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, संस्कृति एवं पर्यटन (राज्यमंत्री स्वतंत्र) धर्मेन्द्र लोधी, एवं पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल, सांसद विष्णु दत्त शर्मा भी उपस्थित थे।











