सागर

नगर पालिका अध्यक्ष देवरी चुनाव को लेकर प्रशासन, पुलिस अलर्ट मोड पर, देवरी चुनाव क्षेत्र अंतर्गत सभी 30 पोलिंग बूथों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

@सागर- चौधरी शशि कुमार कुर्मी। आगामी नगर पालिका अध्यक्ष पद के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना देवरी चुनाव क्षेत्र अंतर्गत प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सघन तैयारियाँ की जा रही हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा एवं अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडी एम श्री मुनव्वर खान, तहसीलदार श्रीमती प्रीतिरानी चौरसिया एसडीओपी श्री शशिकांत सरयाम थाना प्रभारी देवरी श्री हरिराम मानकर द्वारा चुनाव क्षेत्र देवरी अंतर्गत स्थित समस्त 30 पोलिंग बूथों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील बिंदुओं, मतदान प्रक्रिया एवं कानून व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दबाव, भय अथवा अनुचित गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर पर्याप्त पुलिस बल, आवश्यक संसाधन एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सभी 30 पोलिंग बूथों को सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया है तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें हर समय अलर्ट मोड पर रहेंगी ताकि आम मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि मतदान के दौरान आचार संहिता का कड़ाई से पालन, असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी एवं किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन एवं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निडर होकर लोकतंत्र के इस पर्व में सहभागिता निभाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।सागर पुलिस एवं जिला प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित चुनाव संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button