मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले के हादसे पर दु:ख व्यक्त किया

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले की लखनादौन तहसील में ट्रैक्टर-ट्रॉली के हाई टेंशन लाइन के चपेट में आने से तीन नागरिकों की करंट लगने से हुई असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह पीड़ादायक घटना है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजन को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना बाबा महाकाल से की है। इस हादसे में दिवंगत नागरिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार के लिए भी सिवनी जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है।

















