बनारस- खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ

चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिखाई हरी झंडी महोबा स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया भव्य स्वागत
खजुराहो/ महोबा। भारत के आधुनिक रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बनारस स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

नव प्रारंभ की गई ये वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली तथा एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्गों पर संचालित होंगी। इन ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को प्रमुख गंतव्यों के बीच तेज़, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही, इनके संचालन से क्षेत्रीय संपर्कता में वृद्धि होगी, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को गति प्राप्त होगी।

महोबा स्टेशन पर ट्रेन के आगमन के अवसर पर उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। स्टेशन पर सांसद महोबा अजेंद्र सिंह लोधी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, नागरिकों, स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों तथा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम प्रकाश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति में वंदे भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत किया गया। सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने ट्रेन का स्वागत किया और खजुराहो तक की यात्रा के लिए ट्रेन में सवार हुए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर इस ऐतिहासिक पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।

खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का खजुराहो मार्ग पर संचालन बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा। इससे महोबा जैसे ऐतिहासिक नगर को पर्यटन, व्यापार और आवागमन के क्षेत्र में अपार संभावनाएँ प्राप्त होंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है, जिसका लाभ अब ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों को भी मिल रहा है।

सांसद महोबा अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि महोबा से होकर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन इस क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। इससे स्थानीय जनता को अत्याधुनिक रेल सुविधा प्राप्त होगी और क्षेत्र के युवाओं, व्यापारियों तथा छात्रों के लिए तेज़ यात्रा के नए अवसर खुलेंगे।

राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन भारतीय रेल की प्रगति का प्रतीक है। यह ट्रेन महोबा सहित पूरे बुंदेलखंड को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलेगा।
विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेल ने नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस इस क्षेत्र के विकास का प्रतीक बनेगी और महोबा के ऐतिहासिक गौरव को देश भर में नई पहचान दिलाएगी। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा सहित रेलवे के अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी, विशेष आमंत्रित अतिथि तथा सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।











