पुलिस ने होटल में मारा छापा, 7 पेटी अवैध शराब जप्त कर होटल मैनेजर सहित 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

छतरपुर। मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ संग्रह, विक्रय एवं परिवहन करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों में नशाखोरी कर रहे नशाखोरों के विरुद्ध निरंतर सख्त से सख्त कार्यवाही की जा रही है। होटल एवं ढाबों की बारीकी से निगरानी की जा रही है।
विगत दिवस थाना सिविल लाइन पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान रामदेव नगर स्थित होटल में अवैध शराब संबंधी सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। होटल स्टार मैनेजर से पूछताछ की गई, होटल में 7 पेटी देशी शराब रखी पाई गई। 7 पेटी अवैध शराब, मात्र करीब 63 लीटर कीमत करीब ₹25000 जप्त कर अवैध शराब में लिप्त दो आरोपी होटल मैनेजर शिवरतन प्रजापति पिता सुखदेव प्रजापति निवासी ग्राम घटहरी थाना प्रकाश बमोरी, राममिलन साहू पिता मोतीलाल साहू निवासी रामदेव नगर छतरपुर को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया गया। दोनों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया, अभियुक्तों को न्यायालय पेश किया जा रहा है, विवेचना कार्यवाही जारी है।
उक्त कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक वाल्मीकि चौबे, उप निरीक्षक बलराम सिंह यादव, उप निरीक्षक शिशिर तिवारी, उप निरीक्षक शैलेंद्र चौरसिया, उप निरीक्षक नेहा गुर्जर, प्रधान आरक्षक काजी, आरक्षक धर्मेंद्र, प्रशांत, अमन, अजय, शुभम की भूमिका रही।











