गणेश विसर्जन चल समारोह में नगर पारिषद अध्यक्ष ने की नई परंपरा की शुरुआत की

विधायक के मार्गदर्शन पर नगर सभी कार्य सफलता पूर्वक किए जा रहे हैं: राजेश्वरी दुवे
कटनी@शेरा मिश्रा। विजयराघवगढ़ गणेश विसर्जन चल समारोह इस बार नगर पारिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे के नेतृत्व में ऐतिहासिक और विशेष बन गया। अध्यक्ष दुवे ने पार्षदों के साथ मिलकर संकट मोचन चौराहे पर सभी गणेश प्रतिमाओं का वेद मंत्रोच्चारण, नारियल, फल-फूल व दक्षिणा के साथ पूजन-अर्चन कर नई प्रथा का शुभारंभ किया।

इस अनोखी परंपरा में शामिल होकर नगरवासियों ने इसे हर्ष और उत्साह से सराहा। नगर परिषद अध्यक्ष के साथ बड़ी संख्या में पार्षद व नगरवासी मौजूद रहे। अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे ने इस अवसर पर कहा कि नगर के विकास कार्यों से लेकर नगर परिषद द्वारा की जाने वाली सभी योजनाएं एवं प्रयास हमारे क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक जी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संभव हो रहे हैं।

उन्होंने विधायक पाठक जी को नगर का सच्चा मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विजयराघवगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष श्रीराम सोनी ने भी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि विधायक संजय सत्येंद्र पाठक जी के मार्गदर्शन व सहयोग से भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और आम नागरिक प्रगति की राह पर विकास कर रहा है। उन्होंने विधायक पाठक जी को जन-जन की उम्मीद और क्षेत्र की तरक्की का आधार बताते हुए आभार व्यक्त किया।नगरवासियों ने अध्यक्ष और पार्षदों द्वारा शुरू की गई इस नई परंपरा का स्वागत करते हुए इसे नगर की सामाजिक- सांस्कृतिक धरोहर को सुदृढ़ करने वाला कदम बताया।
गणेश विसर्जन में पुलिस की अहम भूमिका, व्यवस्था देख नगरवासियों ने की सराहना-
विजयराघवगढ़ गणेश विसर्जन चल समारोह के दौरान नगर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की भूमिका अहम रही। थाना प्रभारी रितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने गंभीरता के साथ संपूर्ण व्यवस्था का जिम्मा संभाला।विसर्जन मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। वहीं बड़े वाहनों को नगर में प्रवेश से रोका गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रही।नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता और कड़ी निगरानी के कारण गणेश विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हुआ।
(शेरा मिश्रा पत्रकार विजयराघवगढ़ कटनी)











