छतरपुर

“उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा” की एम.एल.बी.स्कूल छतरपुर की बैठक संपन्न

छतरपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुसार प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ाने हेतु 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के ऐसे असाक्षर जिन्हें मुद्रित एवं लिखित सामग्री का उपयोग करके पहचानने, समझने, व्याख्या करने, संवाद करने और गणना करने की क्षमता नहीं है, उनको साक्षर करने हेतु उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष में दो बार ‘मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा’ का आयोजन किया जाता है इसी क्रम में दिनांक 20 सितंबर 2025 शनिवार को आयोजित होने वाली साक्षरता की परीक्षा हेतु स्थानीय शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छतरपुर के अंतर्गत आने वाली शालाओं के शाला प्रभारी एवं वालंटियर (अक्षर साथी) का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह बैठक का आयोजन शासकीय नवीन माध्यमिक शाला महल रोड छतरपुर में किया गया।

इस बैठक में परीक्षा पूर्व तैयारी के आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए तथा साक्षरता का उत्कृष्ट कार्य करने वाले वालंटियर (अक्षर साथियों) एवं शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिरकत करते हुए संकुल केंद्र एम.एल.बी.छतरपुर की प्राचार्य श्रीमती सविता अग्रवाल द्वारा अक्षर साथियों के कार्य की सराहना की गई एवं उनसे भविष्य में आयोजित साक्षरता के कार्यक्रम में लगन और निष्ठा के साथ सहयोग देने हेतु कहा गया।

कार्यक्रम में जिला सह समन्वयक श्री शफीक अहमद उपस्थित रहे उनके द्वारा शाला प्रभारियों के सर्वे हेतु किए जाने वाले प्रयास की सराहना की तथा अक्षर साथियों एवं शिक्षकों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया एवं इस पुनीत कार्य में संलग्न सभी अक्षर साथियों को शुभकामनाएं दी। ब्लॉक ईसानगर के सह समन्वयक श्री आनंद अरजरिया द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षा के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ही परीक्षा संपन्न कराने हेतु कहा गया तथा सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

कार्यक्रम का संचालन एवं प्रशिक्षण एम.एल.बी.स्कूल छतरपुर के संकुल सह – समन्वयक जय खरे द्वारा किया गया तथा परीक्षा आयोजन के संबंध में राज्य एवं जिला से प्राप्त निर्देशों सहित सभी प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की।

Related Articles

Back to top button