उप मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा की

रीवा। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने विद्युत मण्डल के अधिकारियों से ग्रामीण उपभोक्ताओं के यहाँ बढ़े हुए बिजली के बिलों की समीक्षा करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग की जा रही बिजली का आकलन करने के लिए परीक्षण करें। तदुपरांत बिजली का बिल जारी करें। उन्होंने कहा कि उपयोग की गई बिजली का मीटर रीडिंग अनुसार बिल दें तथा बढ़े हुए बिलों का समायोजन करें।

न्यू सर्किट हाउस रीवा में आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने खराब ट्रांसफार्मर को बदलने, क्षतिग्रस्त पोल की मरम्मत कर उन्हें पुन: लगाए जाने तथा खराब केबिल को तत्काल बदलने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर मुख्य अभियंता प्रमा पाण्डेय ने कहा कि बढ़े हुए विद्युत बिलों का परीक्षण कराकर उपभोक्ताओं को सुधार कर बिल दिए जाएंगे तथा मीटर रीडिंग अनुसार बिल जारी करने की कार्यवाही की जा रही है। बैठक में अधीक्षण यंत्री बीके शुक्ला सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

















