छतरपुर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में गुंडा, निगरानी बदमाशों पर बड़ी कार्यवाही

177 नए गुंडा एवं 9 नए निगरानी बदमाश सूचीबद्ध, 67 के विरुद्ध जिला बदर एवं 3 पर रासुका की प्रस्तावित कार्यवाही, 13 गुंडा एवं 45 निगरानी बदमाश सूची से पृथक
@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। पुलिस द्वारा शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वर्ष 2025 में आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कड़ी कार्यवाही की गई है। इस दौरान गुंडा, निगरानी, जिला बदर, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) एवं माफी से संबंधित विभिन्न वैधानिक कार्यवाहियाँ की गईं।

पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखते हुए गुंडा, निगरानी बदमाशों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध आवश्यक एवं प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था।
वर्ष 2025 में अपराध नियंत्रण एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 177 नए गुंडा एवं 9 नए निगरानी बदमाशों को सूची में शामिल किया गया है।
इसके अतिरिक्त, समाज में अशांति फैलाने वाले 67 अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर प्रस्तावित कार्यवाही की गई है तथा 3 गंभीर अपराधियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यवाही की गई है।
10 वर्ष अथवा लंबे समय से अपराधों से दूर रहने वाले एवं सुधारात्मक आचरण प्रदर्शित करने वाले 13 गुंडा एवं 45 निगरानी बदमाशों को सूची से पृथक किया गया है। इनके विरुद्ध कई वर्षों से कोई आपराधिक गतिविधि दर्ज नहीं हुई है।
छतरपुर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आदतन अपराधियों पर सख्त निगरानी एवं वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी, वहीं लंबे समय से अपराधों से दूर रहने वाले एवं सुधरे हुए व्यक्तियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।
















