आजीविका मिशन की दीदी एवं उल्लास नवभारत साक्षरता की टीम का संयुक्त नवाचार प्रयास

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार बसंत पंचमी के अवसर पर उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति के लिए आजीविका मिशन की साक्षर दीदियों को वॉलिंटियर्स (अक्षर साथी) के रूप में साक्षरता एप (एनआईएलपी) पर पंजीकृत करके उनका सत्यापन करने के साथ ही साक्षरता के लिए नई पहल का प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम अंतर्गत आजीविका मिशन की दीदी अक्षर साथी (वॉलिंटियर्स) बनकर ऐसे लोगों को साक्षर करेंगी जो किसी कारणवश अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाए। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री शिवेंद्र कुमार निगम एवं जिला सह समन्वयक श्री शफीक अहमद की अगुआई में इस पूरे कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।

आज छतरपुर के प्रत्येक विकासखंड में बसंत पंचमी के अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ एवं लक्ष्य अनुसार प्रत्येक संकुल सह समन्वयक एवं विकासखंड सह समन्वयक द्वारा इस कार्य की प्रगति के लिए सामूहिक सफल प्रयास किया गया। संकुल सह समन्वयक (साक्षरता) द्वारा जन शिक्षा केन्द्रों एवं विभिन्न विद्यालयों में आज मां सरस्वती का पूजन किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित आजीविका मिशन की दीदियों को उल्लास नव भारत साक्षरता के कार्यक्रम से अवगत कराया गया तथा स्थल पर ही उनको वालंटियर (अक्षर साथी) के रूप में रजिस्टर्ड किया गया, तथा पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया गया।

आजीविका मिशन की दीदियों ने कार्यक्रम की गतिविधियों को संचालन करने एवम असाक्षर साथियों को साक्षर बनाने में पूर्ण सहयोग की बात कही। शिक्षा शपथ लेने के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ। जन शिक्षा केंद्र एमएलबी छतरपुर के अंतर्गत संकुल सह समन्वयक जय खरे द्वारा कार्यक्रम संपन्न कराया गया।


















