सागर

शहीद राजेश यादव जैसे वीर सैनिक देशभक्ति का प्रतीक: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल,शहीद राजेश यादव की प्रतिमा का अनावरण किया

@सागर- चौधरी शशि कुमार कुर्मी। उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सागर के ग्राम क्वायला में शहीद सैनिक राजेश यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि शहीद बहुत कम उम्र में देश के लिए बलिदान हो गए। उन्होंने कहा कि हमारे जवान आज भी सीमाओं पर तैनात रहकर देश की सुरक्षा कर रहे हैं और शहीद राजेश यादव जैसे वीर सैनिक देशभक्ति का प्रतीक हैं।

उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि जिन माता-पिता ने अपने कलेजे का टुकड़ा देश को समर्पित किया, उनके दर्द का अंदाजा लगाया जा सकता है। शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने शहीद परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि आर्थिक सहायता एवं नौकरी के विषय में वे मुख्यमंत्री से चर्चा कर आवश्यक सहयोग दिलाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शहीद की प्रतिमा स्थल पर प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) कराई जाएगी, ताकि यह स्मारक हमेशा सम्मान के साथ दिखे। उन्होंने कहा कि शहीद राजेश यादव को केवल सागर जिला ही नहीं, बल्कि पूरा देश याद करेगा।

विधायक बंडा श्री वीरेन्द्र सिंह लम्बरदार ने कहा कि यह बण्डा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि ग्राम क्वायला में जन्मे वीर सपूत राजेश यादव ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। शहीद राजेश यादव का जन्म वर्ष 1994 में हुआ था। वे एक होनहार और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे, जो हर ऑपरेशन ड्यूटी में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। इस अवसर पर शहीद के पिता श्री काशीराम यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button