पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में की गई समीक्षा

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। आज दिनांक 13/03/2026 को पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन द्वारा मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिले के समस्त थानों के गंभीर अपराध, महिला संबंधी अपराध, मर्ग, एससी एसटी अपराध, राहत प्रकरण, शिकायतों का निराकरण, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, जमानत निरस्तीकरण, सीसीटीएनएस फीडिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। इसके साथ-साथ त्रिवर्षीय 2 माह के गंभीर अपराध, लघु अधिनियम संबंधी अपराध एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटना के आंकड़ों को भी चेक किया गया एवं पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना पीड़ित के प्रति संवेदनशीलता एवं दुर्घटना प्रभावी ऐसे वाहनों एवं चालकों की चेकिंग इत्यादि हेतु निर्देश दिए। आगामी दिनों में जिले में नवरात्रि, श्रीरामनवमी, ईद,श्री महावीर जयंती सहित अन्य कार्यक्रमों में सुरक्षा, यातायात, कानून व्यवस्था के संबंध में संबंधित पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया गया। बाजार परिसर, मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील स्थान में पुलिस निरंतर भ्रमण, चक्षु अभियान के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने, नियमित रात्रि, प्रभात गश्त हेतु निर्देश दिए। पूर्व में लॉ एंड ऑर्डर जैसी स्थिति में नियंत्रण संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की गई, फील्ड में स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी बलवा किट का उपयोग अवश्य करें।

पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारी को अभियुक्त के अभिरक्षा के दौरान संरक्षण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। थाना परिसर के कैमरे सक्रिय अवस्था में रहें, कवरेज स्टोरेज चेक करते रहें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले द्वारा जन सामान्य से सकारात्मक भाषा का प्रयोग एवं व्यवहार करने हेतु निर्देश दिए गए। पुलिस एवं जनमानस का एक दूसरे के प्रति व्यवहार अच्छा रहे। अपराध समीक्षा बैठक में समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

















