छतरपुर

जिले के 12 स्कूलों में आयोजित किया गया एफएलएस

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के 12 शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में कक्षा 3 के बच्चों के लर्निंग लेवल को परखने के लिए एफएलएस 2026 के निर्देश राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी किए गए थे। इसी क्रम में फाउण्डेशनल लर्निंग स्टडी अर्थात एफएलएस एनसीईआरटी द्वारा चयनित 12 स्कूलों में डाईट के छात्राध्यापकों द्वारा किया गया।


डीपीसी अरूण शंकर पाण्डेय ने बताया कि भारत सरकार द्वारा कराए जा रहे एफएलएस सर्वे के लिए जिले के 12 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को चयनित किया गया था। सत्र 2025-26 में कक्षा 3 में अध्ययनरत छात्रों की दक्षता को परखने के लिए एफएलएस सर्वे का आयोजन किया गया।

एफएलएस में एक केन्द्रीय विद्यालय, दो अशासकीय विद्यालय एवं 9 शासकीय विद्यालयों का चयन एनसीईआरटी द्वारा रेण्डम आधार पर किया गया जिसमें डाईट के फील्ड इन्वेस्टीगेटर्स द्वारा टेबलेट के माध्यम से कक्षा 4 के बच्चों के हिन्दी मीडियम के 11 स्कूल में हिन्दी एवं गणित विषय का तथा अंग्रेजी माध्यम के 1 स्कूल में अंग्रेजी व गणित विषय का सर्वे किया गया। फील्ड इन्वेस्टीगेटर्स द्वारा 118 बच्चों के भाषा एवं गणित के परफॉरमेंस को परखा गया। साथ ही 12 विद्यालयों एवं 20 शिक्षकों से संबंधित प्रश्नावली भी भरी गईं। सर्वे के आयोजन में एपीसी अकादमिक नीरज खरे, डाईट मूल्यांकन प्रभारी एनडी पाठक एवं प्रोग्रामर राजेश साहू ने मास्टर ट्रेनर्स के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सर्वे के दौरान डाईट प्राचार्य आरके वर्मा एवं डाईट के सभी अकादमिक सदस्यों ने चयनित विद्यालयों का अवलोकन कर छात्राध्यापकों एवं सर्वे में सम्मिलित छात्रों को प्रोत्साहित किया।

Related Articles

Back to top button