ब्लैकमेलिंग कर आत्महत्या के लिए उकसाने वाले मुख्य आरोपी को थाना चंदला पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

छतरपुर। दिनांक 24/11/2023 को फरियादी गणेश प्रसाद गुप्ता निवासी चंदला द्वारा थाना चंदला में सूचना प्राप्त हुई की उसके पुत्र महेश कुमार गुप्ता उम्र 24 साल ने फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस थाना चंदला ने मर्ग क्रमांक 48/23 पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छतरपुर अमित सांघी ने टीम गठित कर बारीकी से मर्ग जांच विवेचना कर अपराध सिद्ध होने पर आरोपियों को गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।
उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज ललित शाक्यवार एवं पुलिस अधीक्षक छतरपुर अमित सांघी के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह व एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंदला निरीक्षक हरि सिंह ठाकुर एवं गठित टीम के द्वारा बारीकी से घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्रित कर प्राप्त मृतक के सुसाइड नोट एवं संबंधियों व संदेहियों के बयानों के आधार पर जांच में यह स्पष्ट पाया गया कि मृतक की महिला दोस्त निवासी चंदला जो कस्बा चंदला के ही एक दूसरे व्यक्ति की भी पूर्व से दोस्त थी।
साजिश रच दोनो आरोपी (मृतक महेश की महिला दोस्त एवं महिला के पूर्व दोस्त) मृतक को बलात्कार केस में फंसा देने हेतु ब्लैकमेलिंग कर धमकी देने लगे। बदनामी के डर से मानसिक तनाव में आने के कारण महेश गुप्ता उर्फ छोटू ने दिनांक 23-24/11/2023 को दरमियान रात्रि फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुताबिक जांच विवेचना दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध सिद्ध होने पर दिनांक 25/11/2023 को थाना चंदला में अपराध क्रमांक 326/23 धारा 306,506,34 भादवि पंजीबद्ध कर मुख्य आरोपी निवासी वार्ड क्रमांक 12 चंदला एवं सह आरोपिया महिला उम्र 25 साल निवासी वार्ड क्रमांक 1 चंदला की गिरफ्तारी हेतु तलाश प्रारंभ कर दी गई।
मुखबिर की सूचना पर दिनांक 05/12/2023 को मुख्य आरोपी उम्र 38 साल निवासी वार्ड क्रमांक 12 चंदला को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया। शेष महिला आरोपिया की तलाश जारी है। उक्त महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदला श्री हरि सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक परमात्मा सिंह, सहायक उप निरीक्षक लल्लू सिंह, प्रधान आरक्षक सुरविंद सिंह एवं आरक्षक बलवीर सिंह की मुख्य भूमिका रही।