खेल प्रतिभाओं को निखारने युवाओं को सिंथेटिक रनिंग ट्रैक की मिली सौगात
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री ने पं. बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक व मल्टीस्पोर्टस (एरीना) का शुभारंभ किया

छतरपुर। खेल प्रतिभाओं को निखारने छतरपुर शहर के पं. बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में बनाए गए सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का शुभारंभ प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के मुख्यातिथ्य में फीताकाट सोमवार को सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर विशेष रूप से जिला पंचायत अध्यक्षत विद्या अग्निहोत्री, विधायक ललिता यादव, नगर पलिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आमनागरिक उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में डीआईजी ललित शाक्यवार, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, एडीएम मिलिंद नागदेवे, सहायक कलेक्टर काजोल सिंह, संयुक्त कलेक्टर बलवीर रमन, एसडीएम अखिल राठौर, ईई पीडब्ल्यूडी आर.एस. शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री श्री अहिरवार ने शहर वासियों सहित खेल प्रतिभाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को सिंथेटिक रनिंग ट्रैक की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि ग्राउण्ड में हरी भरी घास और अलग- अलग खेलों के मल्टीस्पोर्ट्स के रूप में ट्रैक देखकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में स्थानीय विधायक के साथ मिलकर सहयोग करते हुए आगे राज्य स्तरीय खेल एवं फुटबॉल बनर्जी टूर्नामेन्ट आयोजित कराया जाएगा। विधायक श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि स्टेडियम के निर्माण से खेलों की जो मशाल जली है, वह निरंतर जलती रहेगी।
कलेक्टर श्री जैसवाल ने कहा कि युवाओं को इस ओलंपिक स्तरीय ट्रैक एवं मल्टीस्पोर्टस कॉम्प्लेक्स के निर्माण की सौगात मिलने से जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। उन्होंने से सभी से अपील करते हुए कहा कि स्टेडियम का समूचित रखरखाव का ध्यान रखते हुए सही इस्तेमाल करें।
डीआईजी श्री शाक्यवार ने कहा कि स्टेडियम केवल खेल के लिए होना चाहिए। जितना अच्छा उपयोग आप इस ट्रैक का करेंगे उतना आपका मन प्रसन्न रहेगा। उन्होंने कहा कोई असामाजिक तत्व अगर स्टेडियम में एंट्री करते है और अराजकता फैलाने का प्रयास होता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।शहर वासियों को ओलंपिक स्तर के सिंथेटिक रनिंग ट्रैक की सौगात मिलने पर युवाओं का खेल की तरफ रूझान बढ़ेगा और नेचुरल ग्रास फुटबॉल ग्राउण्ड से खेलों की तरफ उन्मुखीकरण होगा।

















