बंधीकला को मिला विकास का वरदान, विधायक ललिता यादव ने 1.11 करोड़ के कार्यों का किया भूमि पूजन–लोकार्पण, वृंदावन ग्राम योजना से बदलेगी गांव की तस्वीर

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। छतरपुर विधायक ललिता यादव ने अपनी पैतृक ग्राम बंधीकला में विकास कार्यों की नई इबारत लिखते हुए एक करोड़ 11 लाख रुपये की लागत के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्साह और विकास की उम्मीद साफ झलकती नजर आई।

मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी वृंदावन ग्राम योजना से जुड़े बंधीकला में आगामी समय में 3 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से और भी बड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। विधायक ललिता यादव ने कहा कि आने वाले एक से दो वर्षों में सभी कार्य पूर्ण होने के बाद बंधीकला शहर जैसी सुविधाओं वाला गांव बनेगा।

विधायक ने कहा कि बंधीकला उनकी पैतृक जन्मभूमि है और इसका सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता में सदैव रहा हैं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बुनियादी सुविधाओं से लेकर अधोसंरचना तक गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सरपंच आसाराम यादव, भाजपा मंडल सह मंत्री राजेश दीक्षित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक ललिता यादव का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें परिवार तुल्य स्नेह दिया।

















