सोमवार को शहडोल के बाणगंगा मेला मैदान में राहुल गांधी जनसभा को करेंगे संबोधित

मध्यप्रदेश। शहडोल समेत छह सीटों पर लोकसभा चुनावों में पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इसके लिए कांग्रेस ने भी प्रचार अभियान में केंद्रीय नेताओं को झोंक दिया है। राहुल गांधी मध्य प्रदेश में अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत आठ अप्रैल को शहडोल से करेंगे। उनकी बाणगंगा मैदान पर रैली रखी गई है।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के आठ अप्रैल को प्रस्तावित शहडोल दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बाणगंगा मेला मैदान पर दोपहर दो बजे राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने शहडोल में फुंदेलाल सिंह मार्को को उम्मीदवार बनाया है। जमुई हेलीपैड में उतरकर राहुल गांधी बाणगंगा मेला मैदान पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करेगे। स्थल की अनुमति से लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। राहुल गांधी इससे पहले नवंबर में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में ब्यौहारी में आमसभा करने आए थे।
भाजपा से सांसद हिमाद्री सिंह एक बार फिर चुनाव मैदान में है। पहले चरण में शहडोल के साथ-साथ सीधी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में मतदान होगा। इसके लिए भाजपा ने भी अपने अभियान को तेज कर दिया है। डॉ. मोहन यादव करीब-करीब इन सभी सीटों पर चुनाव प्रचार कर चुके हैं।