बड़ी खबर: मर्डर केस में राजीनामा को लेकर एक और मर्डर के बाद मृतक की भतीजी ने भी चलती एंबुलेंस से कूदकर जान दी
परिजनों ने किया अंतिम संस्कार करने से इनकार, मृतिका अंजना की अंत्येष्टि में राज्यसभा सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल होंगे

सागर ब्यूरो शशि कुमार कुर्मी। जिले के खुरई में मर्डर केस में राजीनामा को लेकर राजेंद्र अहिरवार की हत्या के बाद मृतक की भतीजी ने भी चलती एंबुलेंस से कूदकर जान दे दी। मृतक राजेंद्र अहिरवार का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके गांव पहुंचा है। लेकिन परिजन उसका अंतिम संस्कार करने से इंकार कर रहे हैं। इस बीच प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं। सागर जिले के खुरई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां करीब 9 माह पहले हुए मर्डर के मामले में राजीनामा करने की बात पर एक और मर्डर जैसी संगीन घटना सामने आई है।
वही इस घटना से आहत मृतक की भतीजी रंजना भी एम्बुलेंस का गेट खोलकर कूद गई जिससे उसकी भी जान चली गई है। यह भतीजी इस मामले में 3 घंटे पहले तक मीडिया को बयान दे रही थी और आरोपी व घटनाक्रम के बारे में बता रही थी। इस घटना में अहिरवार परिवार ने 24 घंटे के अंदर अपने दो सदस्य खो दिए है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है और चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात है। राजेंद्र के साथ हुई घटना ने 9 महीने पहले हुए भतीजे के मर्डर के जख्मो को फिर हरा कर दिया है।
क्या है पूरा मामला-
विधानसभा चुनाव के ठीक पहले अगस्त 2023 में ग्राम नोनियां बरोदा के युवक नितिन अहिरवार को गांव के लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला था। घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ग्राम नोनियां पहुंचकर मृतक के परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। इसी मामले में राजीनामा करने के लिए शनिवार को पप्पू रजक ने राजेंद्र अहिरवार को अपने घर बुलाया गया था, जहां दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसमें राजेंद्र अहिरवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। राजेंद्र अहिरवार का रविवार की सुबह पोस्टमार्टम बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में कराया गया। यहां पर मृतक की भतीजी अंजना अहिरवार ने मीडिया को एक दिन पहले हुए पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी भी दी थी।
पोस्टमार्टम के बाद राजेंद्र अहिरवार का शव लेकर परिवार अपने घर बरोदिया नोनागिर जा रहा था। मृतक राजेंद्र अहिरवार की भतीजी अंजना अहिरवार भी शव वाहन में बैठी हुई थी। इसी दौरान रंजना ने अचानक बरोदिया पहुंचने से करीब 20 किलोमीटर पहले खुरई के रैगांव में एंबुलेंस से छलांग लगा दी। रंजना को इलाज के लिए सागर के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है। उसने ऐसा क्यों किया इसका कारण अज्ञात है।
राजेंद्र की हत्या के मामले में उसके पिता की रिपोर्ट पर आशिक, बबलू, इजराइल, फहीम, टंटु सहित अन्य लोगों पर खुरई थाने में मामला दर्ज कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव ऊईके, एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव, एसडीओपी सचिन परते, खुरई शहरी थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा, पटवारी मंजू सौर आदि ने भरी पुलिस बल के साथ पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है।
मृतिका अंजना की अंत्येष्टि में राज्यसभा सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल होंगे-
जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ आनंद अहिरवार ने बताया कि बरोदिया नोनागिर में हुये राजेन्द्र अहिरवार हत्याकांड और मृतक की भतीजी अंजना अहिरवार की संदिग्ध मौत के पश्चात् कल 27 मई को होने वाले अंतिम संस्कार में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल होंगे।