सदस्यता अभियान में सबसे आगे रही बिजावर विधानसभा, विधायक बबलू शुक्ला के नेतृत्व में साढ़े 37 हजार लोगों ने ली सदस्यता

छतरपुर। पिछले दिनों संपूर्ण भारत में भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसके तहत पार्टी के तमाम छोटे-बड़े कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारियों ने लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। छतरपुर जिले में भी भाजपा का यह अभियान गतिमान रहा, जिसमें सबसे आगे बिजावर विधानसभा रही है। विधायक राजेश शुक्ला बबलू के नेतृत्व में करीब साढ़े 37 हजार लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।
उल्लेखनीय है कि अभियान शुरु होने के पहले दिन से ही बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू अपनी टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण करते हुए लोगों को पार्टी का लक्ष्य और रीति-नीति बताई, जिससे प्रभावित होकर लोग सहर्ष भारतीय जनता पार्टी से जुड़े। अभियान में बिजावर विधानसभा के सबसे आगे होने का एक कारण क्षेत्रीय विधायक द्वारा विधानसभा के उत्थान हेतु किए जा रहे कार्य भी हैं, क्योंकि इस विधानसभा के लोग विधायक राजेश शुक्ला की कार्यशैली से खासे प्रभावित रहते हैं और उनके आग्रह पर पार्टी से जुड़े हैं। बिजावर विधानसभा के अलावा अगर जिले की अन्य विधानसभाओं की बात करें तो अभियान में दूसरे नंबर पर राजनगर विधानसभा रही, जहां कुल 36 हजार 612 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। इसी तरह चंदला में 35879, महाराजपुर में 32420, बड़ामलहरा में 28731 और छतरपुर विधानसभा में 24063 लोग पार्टी के सदस्य बने हैं।