मध्यप्रदेश

सशक्त-समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए कर्तव्य निर्वहन का लें संकल्प: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की दी बधाई

भोपाल। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने समस्त प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश खनिज संपदा, कृषि उत्पादन और विकास की अपार संभावनाओं से समृद्ध राज्य है। दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसहयोग से हम मध्यप्रदेश से “बीमारू” राज्य का कलंक मिटाने में सफल हुए हैं। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकसित होते हुए सबसे बेहतर राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है।

उभरता हुआ मध्यप्रदेश आज देश और दुनिया को कर रहा है आकर्षित-
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सरप्लस बिजली, सिंचाई का व्यापक नेटवर्क, उत्कृष्ट कृषि उत्पादन और स्वच्छता कई मानकों में जन-सहयोग, समर्पण और कर्मठता से हमने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो हमें गर्व का अनुभव कराते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के संभागीय मुख्यालयों में रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव का आयोजन हो रहा है, जो आर्थिक प्रगति को और गति प्रदान करेगा। सभी संभागीय मुख्यालयों को जोड़ने वाला 4-लेन सड़क का सशक्त नेटवर्क प्रदेश की बुनियादी संरचना को सुदृढ़ बना रहा है। एक उभरता हुआ मध्यप्रदेश आज देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश में विकास की अपार संभावनाएँ और क्षमता है। प्रदेश की तेज़ गति से बढ़ती प्रगति को बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय योगदान सुनिश्चित करना होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है, और इस संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने में मध्यप्रदेश का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हम सब इस दिशा में अपना योगदान सुनिश्चित कर एक सशक्त और समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button