कलेक्टर ने स्तुति बाल गृह का किया निरीक्षण, व्यवस्थित संचालन को लेकर की प्रशंसा

कलेक्टर ने कहा बच्चों द्वारा निर्मित मूर्तियों को स्टाल के माध्यम से विक्रय कराया जाएगा
@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने छतरपुर घुषयाना मोहल्ला स्थित म.प्र. शासन के महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित स्तुति बाल गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान डीपीओ महिला बाल विकास विभाग दिनेश दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर श्री जैसवाल ने स्तुति बाल गृह में मनोरंजन कक्ष, रसोई, सभाकक्ष, भण्डार कक्ष, लाईब्रेरी रूम,कम्प्यूटर कक्ष, बीमार बालकों का कक्ष, शौचालय आदि कक्षों का निरीक्षण किया। जिसकी साफ सफाई एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर प्रशंसा व्यक्त की।
अधीक्षक द्वारा बताया गया कि बाल स्तुति गृह में 06 से 18 वर्ष तक के उन बालकों को संरक्षण दिया जाता है। जो किसी कारणवश परिवार से बिछड़ गए हों जिन्हें संरक्षण की आवश्यकता हो।

कलेक्टर ने स्तुति बाल गृह का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्तुति बाल गृह में निवासरत बच्चों के पूर्व वृत्त, पुनर्वास, परिवार आदि की स्थिति की जानकारी ली। निवासरत बच्चों के आवश्यक जरूरी दस्तावेजों, व्यावसायिक प्रशिक्षण, शिक्षा, दैनिक गतिविधियों आदि की जानकारी प्राप्त की व बालकों से मुलाकात कर, बालकों की पढ़ाई, भोजन व्यवस्था आदि सुविधाओं के संबंध में बालकों चर्चा की। बालकों के पश्चातवर्ती योजना से जोड़े जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने सुरक्षात्मक चौकीदार, सर्दी में आवश्यक कंबल, डॉक्टर के माध्यम से स्वास्थ्य चैकअप कराए जाने के संबंध में विस्तृत रूप से अवलोकन किया। उन्होने बच्चों द्वारा निर्मित मूर्तियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और इन्हें स्टॉल आदि के माध्यम से विक्रय कराए जाने की बात कही। कलेक्टर ने बच्चों से बात की और उनसे विभिन्न प्रकार के प्रश्न किए।
कलेक्टर ने राजयश्री शिशु गृह का निरीक्षण कर दत्तक ग्रहण की जानकारी ली– कलेक्टर ने छतरपुर शहर में जवाहर रोड स्थित जराजयश्री शिशु गृह का निरीक्षण किया। जिसमें राजयश्री शिशु गृह में निवासरत बच्चों के दत्तक ग्रहण, दत्तक हेतु विधिमुक्त की स्थिति, देश के भीतर व देश के बाहर दत्तक पर गए बच्चों की जानकारी प्राप्त की और दत्तकग्रहण की पूरी प्रक्रिया, शिशुओं के शिशु गृह में आने से लेकर दत्तक पर जाने तक की विस्तृत समीक्षा की। शिशुओं के लिए शिशु गृह में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश भी दिए।

















