निलकंठेश्वर भक्ति धाम में उमड़ा जनसैलाब,भोलेनाथ की जयकारों से गूंज उठा समूचा धाम

@कटनी- शेरा मिश्रा। विजयराघवगढ़ से कुछ ही दूरी पर स्थित निलकंठेश्वर भक्ति धाम एक बार फिर श्रद्धा आस्था और विश्वास का विराट केंद्र बनकर सामने आया जहाँ नववर्ष 2026 के प्रथम दिन देवों के देव महादेव भोलेनाथ के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा धाम हर-हर महादेव और भोलेनाथ की जय के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
निलकंठेश्वर भक्ति धाम को देवाधिदेव महादेव की पावन नगरी के रूप में विशेष पहचान प्राप्त है। इस पवित्र परिसर में हनुमान मंदिर राम दरबार मंदिर श्रीगणेश जी मंदिर दुर्गा माता मंदिर एवं शिव परिवार मंदिर स्थापित हैं जिनका निर्माण शिवभक्त मदनलाल ग्रोवर जी द्वारा कराया गया। यह धाम अपनी अलौकिक आध्यात्मिक शक्ति और भक्तों की अटूट आस्था के कारण दूर दूर तक प्रसिद्ध हो चुका है। विशेष रूप से महाशिवरात्रि पर्व यहां भव्य एवं दिव्य स्वरूप में मनाया जाता है जिसमें प्रदेशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।वैसे तो निलकंठेश्वर भक्ति धाम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना जाना बना रहता है। लेकिन नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर भक्तों का उत्साह चरम पर रहा।

आस्था और विश्वास के साथ हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे और सभी मंदिरों में विराजमान देवी देवताओं के दर्शन कर विधिवत पूजा अर्चना की। अनुमान के अनुसार नूतन वर्ष के प्रथम दिन लगभग दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के लिए मंदिर संचालक मदनलाल ग्रोवर बाबू ग्रोवर एवं रुद्राक्ष ग्रोवर द्वारा जलपान एवं प्रसाद की भव्य व्यवस्था की गई। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया और पूरे धाम को भोलेनाथ की जयकारों से गुंजायमान कर दिया।

ग्रोवर परिवार की उदारता और सेवा भावना ही है कि आज उन्हें न केवल विजयराघवगढ़ बल्कि समूचे मध्यप्रदेश में एक विशिष्ट शिवभक्त परिवार के रूप में जाना जाता है। ग्रोवर परिवार धार्मिक आयोजनों के साथ साथ मानव सेवा समाज उत्थान एवं जनकल्याण के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहता है। जरूरतमंदों की सहायता धार्मिक चेतना का प्रसार और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन यह सब ग्रोवर परिवार की पहचान बन चुका है। निलकंठेश्वर भक्ति धाम में उमड़ा यह विशाल जनसैलाब न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा बल्कि यह भी दर्शाता है कि श्रद्धा सेवा और समर्पण से किया गया कार्य समाज को एक सूत्र में बांधने की शक्ति रखता है। नववर्ष के पहले ही दिन यह धाम भक्ति विश्वास और मानव सेवा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।
शेरा मिश्रा पत्रकार विजयराघवगढ़ कटनी

















