आईटीआई कॉलेज में लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन, 50 से अधिक विद्यार्थियों को मिले मौके पर लाइसेंस

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। जिला कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मधु सिंह के नेतृत्व में 20 जनवरी 2026 को संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत आईटीआई कॉलेज परिसर में लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सरल व पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराना था।

शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें 50 से अधिक विद्यार्थियों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इस दौरान अभ्यर्थियों की आवश्यक जांच, ऑनलाइन प्रक्रिया और दस्तावेज़ सत्यापन कार्य आरटीओ कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा सुचारु रूप से किया गया।
आरटीओ मधु सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करें, गति सीमा का पालन करें तथा वैध लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं।
कॉलेज प्रशासन ने आरटीओ विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत होती है। शिविर के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन छतरपुर जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

















