पंचम दीक्षांत समारोह की फुल एंड फाइनल रिहर्सल आज 22 जनवरी को, 23 जनवरी को राज्यपाल की अध्यक्षता में होगा पांचवां दीक्षांत समारोह

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। महाराज छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर का पांचवां दीक्षांत समारोह 23 जनवरी 2026 को राज्यपाल माननीय श्री मंगुभाई जी पटेल की अध्यक्षता में पूरी गरिमा के साथ होगा। कुलगुरु प्रो राकेश कुशवाह , कुलसचिव श्री यशवंत सिंह पटेल,दीक्षांत समारोह समन्वयक डा ममता बाजपेई की उपस्थिति में बुधवार 21 जनवरी को कार्यक्रम की प्रथम रिहर्सल की गई। अब आयोजन की फुल एवं फाइनल रिहर्सल आज गुरुवार 22 जनवरी को होगी।

मीडिया समिति सदस्य श्री मती पूजा तिवारी के मुताबिक 23 जनवरी के इस वृहद दीक्षांत समारोह की सभी समितियों तथा यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली हैं।जिला तथा पुलिस प्रशासन भी आयोजन के सुरक्षा इंतजामों की सतत निगरानी कर रहा है। अब 22 जनवरी को उपाधिधारक तथा ई सी मेंबर्स की रिहर्सल के साथ–साथ शोभायात्रा की विधिवत रिहर्सल होगी। बिना रिहर्सल के प्रतिभागियों को दीक्षांत समारोह में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक एवं उपाधि पाने वाले पंजीयत प्रतिभागी, यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत पी जी के छात्र–छात्राएं तथा शोधार्थी अपनी निर्धारित यूनिफार्म तथा परिचय पत्र(आई कार्ड) में कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करेंगे। सभी वाहनों की पार्किंग साइकिल स्टैंड से लेकर वाणिज्य विभाग परिसर तक रहेगी।
इस दीक्षांत समारोह में माननीय राज्यपाल महोदय 46 प्रतिभागियों को गोल्ड मेडल तथा 213 प्रतिभागियों को उपाधियां प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 19 शोधार्थी सुयश सागर बाजपेई, अभिनव गौतम, ब्रजेश कुमार प्रजापति, हिमांशु अग्रवाल, गिरजेश प्रसाद जुआल, चंद्र जीत सिंह, मयंक सिंह, निधि, गौरव द्विवेदी, शिबि अग्रवाल, शिवशंकर अहिरवार, वंदना, पीयूषी नेमा, विकास तवर, ज्योति पयासी, दृष्टि सिंह, नितीषा श्रीवास्तव, प्रीति बुंदेला एवं अनुजा दुबे को शोध उपाधि से विभूषित किया जाना है।
बुधवार 21 जनवरी को शताब्दी परिसर में दीक्षांत समारोह की प्रथम रिहर्सल विधिवत की गई। इसमें स्वर्ण पदक, उपाधि प्राप्तकर्ता, डीन,विभागाध्यक्ष सहित विश्वविद्यालय परिवार के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















