मंदिर चोरी का खुलासा: थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर की अगुवाई में पटेरा पुलिस की बड़ी सफलता, तीन आरोपी गिरफ्तार

@दमोह- शिवलाल चढ़ार। जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में स्थित शीतला माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का पटेरा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र गुर्जर की नेतृत्व क्षमता और सतत प्रयासों की प्रमुख भूमिका रही।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया कीमती सामान भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को ग्राम बमनपुरा निवासी मंदिर पुजारी भागीरथ प्रसाद कुर्मी ने पटेरा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि, सुबह पूजा-पाठ के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे। शाम को जब मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। अंदर से माता जी के गले का सोने का हार तथा चांदी के छत्र गायब हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने इसे चुनौती के रूप में लिया और तत्काल पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू कराई। उनके नेतृत्व में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
और लगातार कई दिनों तक दिन-रात मेहनत करते हुए थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत का सोने का हार और चांदी के छत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एमसलाल अहिरवार (35 वर्ष), गट्टू उर्फ गोविंद अहिरवार (47 वर्ष) और परसलाल उर्फ गुड्डू अहिरवार (45 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी हिडोरिया के निवासी बताए गए हैं। बताया जाता है कि मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद से ही थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर लगातार मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे और टीम के साथ मिलकर आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे थे।
अंततः उनकी सूझबूझ और नेतृत्व में पुलिस ने इस बड़ी चोरी का खुलासा कर दिया.इस सराहनीय कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने पटेरा पुलिस,विशेष रूप से थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर की प्रशंसा की है और पुलिस की तत्परता व कार्यकुशलता की सराहना की है।

















