छतरपुर

जिला पंचायत सीईओ ने शालाओं का किया आकस्मिक निरीक्षण, अव्यवस्थाएं मिलने पर दो शिक्षकों के निलंबन के निर्देश

शाला अनुपस्थित बच्चे, कक्षों एवं परिसर की साफ सफाई आदि अव्यवस्थाओं के कारण शिक्षक धनीराम प्रजापति शाला प्रभारी कलानी राखी भारती को निलंबित करने के निर्देश

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने संयुक्त दल जिला शिक्षा अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत तथा जिला मिड डे मिल प्रभारी आदि के साथ शनिवार को जिले के विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया।

टीम द्वारा सबसे पहले महोबा रोड स्थित प्राथमिक शाला टडे़रा का निरीक्षण किया गया। यहां पदस्थ शिक्षक उपस्थित पाए गए तथा बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा जा रहा था। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं टीम के सदस्यों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया। बच्चों से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें नियमित रूप से मेन्यू के अनुसार भोजन मिलता है। बच्चों की पढ़ाई का स्तर भी संतोषजनक पाया गया।

इसके बाद टीम ने शासकीय प्राथमिक शाला चौकी पुरवा का निरीक्षण किया, जहां सभी बच्चे अनुपस्थित पाए गए और शिक्षक धनीराम प्रजापति अकेले बैठे मिले। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि बच्चों को मध्याह्न भोजन के लिए गांव भेजा गया है, क्योंकि भोजन स्कूल में तैयार न होकर गांव में तैयार होता है। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति अत्यंत कम पाई गई तथा बच्चों को गांव भेजना शिक्षक की गंभीर लापरवाही माना गया।

स्कूल परिसर और कक्षों में गंदगी सहित कई अव्यवस्थाएं भी मिलीं। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने मौके पर ही शिक्षक धनीराम प्रजापति को निलंबित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। इसके पश्चात टीम ने माध्यमिक शाला कलानी का निरीक्षण किया। यहां शाला प्रभारी राखी भारती, माध्यमिक शिक्षिका द्वारा बिना किसी सक्षम अधिकारी के निर्देश के हॉफ टाइम में ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई थी।

मध्याह्न भोजन के संबंध में बताया गया कि बच्चे भोजन कर घर चले गए, लेकिन टिफिन में भोजन का सैंपल उपलब्ध नहीं पाया गया। साथ ही उपस्थिति पंजी में पूर्व दिनों में अनुपस्थित विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्ज करने के बजाय बिंदी अंकित की गई थी, जिससे स्पष्ट होता है कि बच्चों की उपस्थिति में हेरफेर किया जा रहा है। बिना अनुमति स्कूल की छुट्टी करने, उपस्थिति पंजी में हेरफेर करने और अन्य अव्यवस्थाओं के कारण जिला पंचायत सीईओ ने शाला प्रभारी राखी भारती को भी निलंबित करने के निर्देश दिए।
 
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि मध्याह्न भोजन के लिए खरीदे गए थाली, ग्लास की गुणवत्ता अत्यंत खराब है। इस संबंध में समूह और जन शिक्षक की जिम्मेदारी तय की गई।जिसमें जिला पंचायत सीईओ ने कलानी शाला के समूह से वर्तनों की राशि वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही बताया गया कि जिले में 2300 स्कूलों को 3 करोड़ से अधिक की राशि किचेन डिवाइस वर्तन खरीदने के लिए प्रदाय की गई है।

Related Articles

Back to top button