निश्चय मित्र योजना के तहत पोषण आहार का वितरण, स्वास्थ्य केंद्र परिसर में हुआ कार्यक्रम

@कटनी-शेरा मिश्रा। विजयराघवगढ़ शासकीय स्वास्थ्य केंद्र के मार्गदर्शन में अडानी फाउंडेशन एसीसी सीमेंट प्लांट के सहयोग से दिनांक 26 दिसंबर को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निश्चय मित्र योजना के अंतर्गत पोषण आहार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासनिक जांच में टीबी से पीड़ित पाए गए लगभग दो दर्जन मरीजों को पोषण आहार सामग्री प्रदान की गई। बीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम टीबी मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया ताकि उपचार के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार हो सके।

उन्होंने बताया कि निश्चय मित्र योजना के तहत इस तरह के कार्यक्रम मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और टीबी जैसी बीमारी से जूझ रहे मरीजों को पोषण सहयोग मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस सामाजिक पहल के लिए अडानी फाउंडेशन एसीसी सीमेंट प्लांट और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पार्षद रमाकांत तिवारी दुर्गा वर्मन मुख्य कार्यपालन अधिकारी रितेश जैन डॉ. डेनियल सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। बीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि कैमोर अडानी फाउंडेशन एसीसी सीमेंट प्लांट के सहयोग से यह वितरण कार्यक्रम नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने पोषण आहार प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और इस मानवीय पहल के लिए आयोजकों का आभार जताया। यह आयोजन स्वास्थ्य विभाग नगर परिषद और उद्योग जगत के सहयोगात्मक प्रयासों का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आया।
शेरा मिश्रा पत्रकार विजयराघवगढ़ कटनी

















