उप मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति बस्ती में 2.38 क़रोड़ की सीसी रोड का किया भूमिपूजन

भोपाल। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक चार चोरहटा में अनुसूचित जाति बस्ती खोखम में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया। नगर निगम द्वारा कायाकल्प योजना से बनाई जा रही इस रोड की लागत दो करोड़ 38 लाख 87 हजार रुपए है। इसकी कुल लंबाई 3590 मीटर है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं खोखम बस्ती वालों को दो करोड़ 38 लाख रुपए की सड़क की सौगात देने आया हूं। इस बस्ती में 6 माह में चार मीटर चौड़ाई की सीसी रोड का निर्माण हो जाएगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र का विकास भी होगा। इस सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री जी द्वारा विधायक क्षेत्र विकास निधि से रीवा के लिए स्वीकृत 19 करोड़ रुपए की राशि से किया जा रहा है। हमारी सरकार जनता से पूछकर उनकी इच्छा के अनुसार विकास के कार्य कर रही है। खोखम बस्ती में अधोसंरचना विकास के सभी कार्य कराए जाएंगे। इस सड़क के निर्माण के लिए यहाँ के पार्षद दारा सिंह ने विशेष प्रयास किया। उन्हें मैं सड़क निर्माण के लिए बधाई देता हूँ।
समारोह में नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने सड़क निर्माण का तकनीकी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, पार्षदगण, श्री राजगोपाल मिश्रचारी, श्री डीएन शुक्ला, जनपद अध्यक्ष गंगेव श्री विकास तिवारी स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।