समृद्ध वन खुशहाल जन थीम पर अंतर्राष्ट्रीय वन मेला का शुभारंभ, आज से देशभर के दो सौ वैद्य करेंगे निःशुल्क जांच, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन भी

@भोपाल- आशुतोष द्विवेदी। राजधानी के लाल परेड मैदान पर आज से 23 दिसंबर के बीच समृद्ध वन खुशहाल वन की थीम पर अंतर्राष्ट्रीय वन मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इस मेले का शुभारंभ करेंगे। मेले में नेपाल और भूटान के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस बार मेले में दो सौ से अधिक आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं विशेषज्ञ देंगे यहां आने वालों को निःशुल्क परामर्श भी देंगे। वन राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने मीडिया को मेले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मेले में 350 स्टॉल लगाये जा रहे हैं। प्रदेश के जिला यूनियन, वन, वन धन केन्द्र, जड़ी-बूटी संग्राहक, उत्पादक, आयुर्वेदिक औषधि निमार्ता, परम्परागत भोजन सामग्री के निमार्ता एवं विक्रेतागण मेले में अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगे।

मेले में 10 शासकीय स्टॉल, 24 अन्य राज्यों के स्टॉल, 16 प्रदर्शनी के स्टॉल, 136 प्रायवेट स्टॉल, 26 फूड स्टॉल, जिनमें अलीराजपुर का दालपानिया, बाँधवगढ़ की गोंडी व्यंजन का स्वाद मिलेगा। इसके अलावा 50 ओपीडी स्टॉल और एक किड्स जोन भी होगा। मेले में 19 एवं 20 दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का भी आयोजन किया जायेगा। इसमें देश के 17, नेपाल के 2 एवं भूटान के एक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यशाला आईआईएफएम के समन्वय से आयोजित होगी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. एन. अम्बाडे और प्रबंध संचालक राज्य वनोपज संघ डॉ. समिता राजौरा उपस्थित रहे।
वनोपज और औषधीय पौधों के प्रदर्शन का अनूठा आयोजन
मंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वन मेला अपने आप में एक अनूठा आयोजन है। मेले में लघु वनोपज एवं औषधीय पौधों के क्षेत्र की गतिविधियों, उत्पादों एवं अवसरों को प्रदर्शित करने एवं इससे जुड़े संग्राहकों, उत्पादकों, व्यापारियों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, प्रशासकों और नीति निर्धारकों के बीच संवाद स्थापित करने के लिये व्यापक मंच उपलब्ध होता है। वन मंत्री ने बताया कि 200 आयुर्वेदिक पद्धति के चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों द्वारा मेले में निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया जायेगा।

















