आपदा प्रबंधन मैं राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पुस्तक का विमोचन

गढ़ाकोटा/ सागर पीएल पटेल। कसक फाउंडेशन सागर द्वारा पीटीसी ग्राउंड सागर में आयोजित स्वदेशी मेला में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गढ़ाकोटा के प्राचार्य डॉ०घनश्याम भारती की पुस्तक “आपदा प्रबंधन में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका ” का विमोचन कसक फाउंडेशन के संस्थापक सुरजीत सिंह, शहर के जाने-माने समाजसेवी मिश्रीचंद्र गुप्ता, शिक्षाविद् कुलदीप बड़गैया, कथावाचक पंडित दीपेश शास्त्री, कवि वृंदावन राय सरल, कवि मुकेश तिवारी, रिटायर्ड डीएसपी अरुण कुमार दुबे, इंजीनियर संदीप कोरी, अंतर्राष्ट्रीय शायर आदर्श दुबे, गीतकार कपिल चौबे तथा राष्ट्रीय कला मंच के प्रांत संयोजक निखिल तिवारी द्वारा किया गया।

कसक फाउंडेशन द्वारा आयोजित पुस्तक लोकार्पण समारोह में बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना की नृत्य के माध्यम से प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा डॉ० घनश्याम भारती का सम्मान भी किया गया। विमोचित पुस्तक की समीक्षा डॉ०भारती द्वारा की गई। कार्यक्रम में संचालन कसक फाउंडेशन की सदस्य रेटिना मिश्रा ने किया।

मुख्य अतिथि मिश्रीचंद्र गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ०भारती की पुस्तक लोगों को ज्ञान, प्रेरणा तथा जागरूकता का नया संदेश देती हैं। डॉ०भारती की यह पुस्तक आपदाओं के प्रबंधन में लोगों का मार्ग प्रशस्त करेगी। स्वदेशी मेला पीटीसी ग्राउंड प्रांगण में आयोजित इस लोकार्पण कार्यक्रम में कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया जिसमें बाल तथा युवा कवियों द्वारा काव्यपाठ किया गया। स्वदेशी मेला में आयोजित इस समारोह में सागर नगर के हिंदी जगत के कवि, शायर, गीतकार, समीक्षक तथा हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित थे।


















