10वीं और 12वीं के प्रश्न पत्र जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया एवं बोर्ड के प्रतिनिधि की उपस्थित में स्ट्रॉग रूम में रखवाए गए

जीपीएस सिस्टम से लैश ट्रक में पहुंचे सुरक्षित प्रश्न पत्र, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद
@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित की जाने वाली हाई स्कूल एवं हायरसेकेंड्री स्कूल की परीक्षा के प्रश्न पत्र कड़ी सुरक्षा में छतरपुर पहुंचे। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्रों को जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, बोर्ड के प्रतिनिधि एवं डीईओ शिक्षा विभाग की उपस्थित एवं निगरानी में रखवाए गए। स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी एवं 24 घंटे सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की गई है।

जिला पंचायत सीईओ ने पहले जिस ट्रक में प्रश्न पत्र पहुंचे उसके सभी लॉक, इलेक्ट्रॉनिक लॉक एवं जीपीएस सिस्टम चेक किए। तदोपरांत अलग अलग विषयों के प्रश्न पत्र के 796 बॉक्स को स्ट्रांग रूम में रखवाए गए है। इसके बाद 6 एवं 7 फरवरी को प्रश्न पत्रों को सेंटरवार संबंधित थानों में रखवाया जाएगा। जहां से प्रश्न पत्रों को केंद्र अध्यक्षों एवं कलेक्टर द्वारा नियुक्त कलेक्टर प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्कूल ले जाया जाएगा और कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में ही परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए प्रश्न पत्रों को खोला जाएगा।
एमपी बोर्ड द्वारा कलेक्टर प्रतिनिधियों को ही परीक्षा केंद्र पर मोबाइल ले जाने की अनुमति दी गई है। जिससे जरूरी पासवर्ड, बच्चों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति की जानकारी त्वरित भेजी जा सके। जिला पंचायत सीईओ ने कहा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है।

















