छतरपुर

पन्ना, नौगांव रोड एवं छत्रसाल चौक पर अतिक्रमण हटाते हुए चौड़ीकरण करें : कलेक्टर

कलेक्टर ने कहा सुगम यातायात एवं दुर्घटनाओं को रोकने चौड़ीकरण जरूरी, सटई रोड एवं महोबा रोड पर लगने वाले बाजारों को शिफ्ट करने के निर्देश, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में एसपी अगम जैन, एएसपी आदित्य पटले, परिवीक्षाधीन आईपीएस लेखराज मीणा, संयुक्त कलेक्टर बलवीर रमन, सीएमओ माधुरी शर्मा, ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत, खनिज अधिकारी अमित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री जैसवाल ने नगरपालिका सीएमओ को निर्देश दिए कि पन्ना रोड, नौगांव रोड एवं छत्रसाल चौक के चौड़ीकरण के संबंध में विशेष निर्देश दिए।

साथ ही छत्रसाल चौक, डीआईजी बंगले के समाने एवं एमपीईबी के बाहर धार्मिक स्थलों के संबंध अधिकारियों को धर्मगुरुओं के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा मार्गों के अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्यवाही जारी रखें। जिससे ट्रैफिक व्यवस्था, सुगम आवागमन दुरुस्त रखने एवं दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके। कलेक्टर ने पंजाब बैंक के सामने डिवाइडर के कट को पूरी तरह से बंद करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सटई रोड एवं महोबा रोड पर बाजार लगने से रास्ता जाम होने की स्थिति के मद्देनजर बाजार को मुख्य मार्ग से अंदर की तरफ अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही महोबा रोड के डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट एवं रेडियम लगाने के निर्देश दिए।

चौक बाजार में पार्किंग के क्रियान्वयन के निर्देश
कलेक्टर ने चौक बाजार के हटवारा एवं गल्ला मंडी के पास बनी पार्किंग के तत्काल क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नौगांव रोड पर किनारे पर खड़ी होने वाली बसों को दूसरे स्थान पर खड़ा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि सागर कानपुर हाईवे के शहर के बाईपास निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करें। साथ ही चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर, अंधे मोड़ो पर संकेतक बोर्ड आदि लगाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button