जिला शिक्षा अधिकारी ने सहा. शिक्षक धनीराम प्रजापति को किया निलंबित, जिपं सीईओ ने मा. शिक्षक राखी भारती के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित की, जेडी सागर को भेजा गया पत्र

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने संयुक्त दल जिला शिक्षा अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत तथा जिला मिड डे मिल प्रभारी आदि के साथ विगत दिनों जिले के शा.प्रा. शाला चौकीपुरवा एवं शा. मा. शाला कलानी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान कई प्रकार की अव्यवस्थाएं एवं लापरवाही पाईं गई थी। जिसके विरूद्ध जिला पंचायत सीईओ द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को कार्यवाही के संबंध मे आवश्यक निर्देश दिए थे। उक्त अनुक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी ए.एस. पाण्डेय ने शा.प्रा. शाला चौकीपुरवा प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूलपद सहा. शिक्षक) धनीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है।

यह कार्यवाही निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर की गई है। निरीक्षण में समस्त बच्चे अनुपस्थित पाए गए थे और प्रभारी प्रधानाध्यापक अकेले बैठे मिले तत्संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा यह जानकारी दी गई कि बच्चों को मध्याह्न भोजन के लिए गांव में भेजा गया है। क्योंकि भोजन स्कूल में तैयार न होकर गांव में तैयार होता है। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति अत्यंत कम पाई गई तथा बच्चों को गांव में भेजना शिक्षक की गंभीर लापरवाही माना गया। स्कूल परिसर में कक्षों में गंदगी सहित कई अव्यवस्थाएं भी प्रकाश में आई। मध्याह्न भोजन के लिए बच्चों को गांव में भेजा जाना बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही को परिलक्षित करता है जो शासनादेशों का भी उल्लंघन है।
उक्त अनियमितताओं के लिए उक्त शिक्षक को दोषी पाए जाने पर इनके विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की गई है। निलंबन अवधि में संबंधीजन को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी एवं मुख्यालय कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी लवकुशनगर नियत किया गया है।
इसके अलावा जिला पंचायत सीईओ द्वारा शा. मा. शाला कलानी प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूलपद मा. शिक्षक) राखी भारती के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर को पत्र भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया था कि शाला की प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती द्वारा बिना किसी सक्षम अधिकारी के निर्देश के हॉफ टाइम में ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई थी। मध्याह्न भोजन के संबंध में बताया गया कि बच्चे भोजन कर घर चले गए, लेकिन टिफिन में भोजन का सैंपल उपलब्ध नहीं पाया गया। साथ ही उपस्थिति पंजी में पूर्व दिनों में अनुपस्थित विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्ज करने के बजाय बिंदी अंकित की गई थी, जिससे स्पष्ट होता है कि बच्चों की उपस्थिति में हेरफेर किया जा रहा है।

















