जिले के सभी धार्मिक स्थलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस बल तैनात
रात्रि गश्त, प्रभात गश्त, डे पेट्रोलिंग में धार्मिक स्थलों का निरंतर भ्रमण

छतरपुर। नवरात्रि का पर्व चल रहा है, जिले में शांति एवं सुरक्षा की दृष्टि से छतरपुर पुलिस द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जटाशंकर मंदिर, छतरपुर के हनुमान टोरिया, पीतांबरा माता मंदिर, झुनझुन माता मंदिर, बगराजन माता, आबार माता मंदिर रामटोरिया, बम्बरबैनी मंदिर लवकुशनगर, धंधागिरी मंदिर बारीगढ़, भद्रकली माता मंदिर बदौरा सहित सभी मंदिरों एवं आयोजन स्थलों में पुलिस बल तैनात है।
थाना मोबाइल, अतिरिक्त मोबाइल, निर्भया मोबाइल भ्रमण पर है। 8-8 घंटे की 3 शिफ्ट की मोबाइल पार्टियां बनाई गई हैं। रात्रि गश्त , प्रभात गश्त, डे पेट्रोलिंग में मोबाइल पार्टी पुलिस निरंतर भ्रमण कर रही है। जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी द्वारा क्षेत्र अंतर्गत सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है।
महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा नगरीय व ग्रामीण धार्मिक स्थलों में महिलाओं व बच्चों से वार्ता की जा रही है। “मैं हूं अभिमन्यु” अभियान के तहत जागरूक किया जा रहा है। “नारी सशक्ति कार्ड” वितरित किए जा रहे हैं। कार्ड से कोड स्कैन कर पुलिस संपर्क नंबर संबंधी जानकारी की प्रक्रिया भी बताई जा रही है।

















