सागर

14 लाख रूपये की सनसनीखेज लूट के मामले में मोतीनगर टीआई जसवंत सिंह को बड़ी कामयाबी मिली

@सागर संभागीय हेड- चौधरी शशि कुमार कुर्मी। के गल्ला मंडी क्षेत्र में मुनीम से हुई 14 लाख रूपये की सनसनीखेज लूट के मामले में मोतीनगर टीआई जसवंत सिंह को बड़ी कामयाबी मिली है। वारदात के बाद राज्य और देश की सीमाएं लांघकर नेपाल भागे दो मुख्य आरोपियों को मोतीनगर पुलिस की विशेष टीम ने काठमांडू से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

घटना बीते 15 दिसंबर की है, जब मंडी स्थित पंकज ट्रेडर्स के मुनीम सुधीर दीक्षित बैंक से 14 लाख रुपये निकालकर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और डंडे से हमला कर रूपयों से भरा बैग लूट लिया था। वारदात के वक्त ही स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी भूपेंद्र सिंह ठाकुर को मौके पर ही दबोच लिया गया था, लेकिन उसके दो साथी धर्मेंद्र और कुलदीप पैसे लेकर फरार होने में कामयाब रहे थे।

इस घटना के बाद गल्ला व्यापारियों समेत समूचा व्यापारी वर्ग पुलिस की निष्क्रियता को लेकर सड़कों पर आ गया था तथा विरोध प्रदर्शन और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आलोचना का दौर शुरू हो गया था। लुटेरों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।

थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश में करीब 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सुराग मिले कि आरोपी भोपाल और दिल्ली होते हुए नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंच गए हैं। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए नेपाल में दबिश दी और वहां एक धर्मशाला में छिपे मुख्य आरोपी धर्मेंद्र ठाकुर (निवासी सेमरा कला) और उसके साथी कुलदीप दांगी (निवासी पपरिया बिलहरा) को गिरफ्तार कर लिया।

शराब के नशे में बनाई थी योजना-
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने शराब पीने के बाद लूट की इस बड़ी वारदात की योजना बनाई थी। इस मामले में आरोपियों से अब तक 6 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद की जा चुकी है। पुलिस अब उन लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है जिन्होंने आरोपियों को हथियार मुहैया कराए थे या लूट की रकम को छिपाने में मदद की थी।

लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में मोती नगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि “15 दिसंबर को हुई लूट के सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपियों को नेपाल के काठमांडू से पकड़ा गया है। इनसे शेष राशि की बरामदगी के लिए रिमांड मांगी गई है और मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button