सेवा सप्ताह के अंतर्गत पीजी कॉलेज गढ़ाकोटा में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, सेवाभाव ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है : डॉ.घनश्याम भारती

@सागर-पीएल पटेल। जिले के शासकीय पीजी कॉलेज गढ़ाकोटा में मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय रेडक्रॉस सोसायटी के अंतर्गत 06 से 12 जनवरी 2026 तक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ.घनश्याम भारती के मार्गदर्शन में सेवा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती शिम्पी मौर्या (ग्रंथपाल) ने बताया कि 09 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, विचारों एवं राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

10 जनवरी को स्वच्छता विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता लाने हेतु महाविद्यालय परिसर में बृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ. घनश्याम भारती ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं सेवा भाव ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं अनुशासित बनाए रखने हेतु विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्वच्छता अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। उक्त कार्यक्रमों में महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगणों की भी उपस्थिति रही तथा समस्त गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

















