बड़ी खबर: तेज रफ्तार ट्राला बना काल: ट्राला की जोरदार टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

@पन्ना- महबूब अली। जिले के पन्ना–अमानगंज रोड स्थित पिपरवाह गांव के पेट्रोल पम्प के पास आज फिर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक की पहचान जसवन्तपुरा निवासी 62 वर्षीय संतु पाल पिता बाबूलाल पाल के रूप में हुई है। बताते चलें कि जब से यह जेके सीमेंट कम्पनी सिमरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में स्थापित हुई है तब से लगभग आधा सेकड़ा राहगीर कम्पनी के टिराला, हाईवा, जैसे बड़े बड़े वाहनों कि टक्कर से मौत के आगोश में पहुंच गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, संतु पाल पिपरवाह गांव से अपने घर लौट रहे थे। तभी पेट्रोल टंकी के पास अमानगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार जे के सीमेंट कम्पनी के ट्राला ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आये दिन इस मार्ग पर भीषण सड़क हादसे हो रहे। जेके सीमेंट कम्पनी के ओवरलोड तेज रफ्तार दौड़ते टिराला आये दिन राहगीरों को मौत के घाट उतार रहे। परिवहन विभाग इन ओवरलोड वाहनों पर आखिर क्यों कार्यवाही नहीं करते। यह बड़ा सवाल है। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। हालांकि स्थानीय लोगों ने अपने वाहनों से पीछा कर द्वारी क्षेत्र में ट्रक और चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही अमानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

















