मध्यप्रदेशछतरपुरसागर संभाग

यूनिवर्सिटी में मास्क और गमछे से मुंह छिपा कर आने वालों पर रोक

कॉलेज मार्ग को बेजा अतिक्रमण से मुक्त करवाने कलेक्टर, एसपी एवं सीएमओ को लिखा जाएगा पत्र, साइकिल स्टैंड पर भी लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, छतरपुर में सुरक्षा की दृष्टि से छात्र छात्राओं और बाहरी व्यक्तियों के मास्क पहनकर तथा गमछे से मुंह छिपाकर आने पर रोक लगाई गई है।

साथ ही यूनिवर्सिटी तिराहे से पुलिस लाइन तिराहे तक के बेजा अतिक्रमण को तत्काल हटवाने यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से कलेक्टर, एस पी तथा नगरपालिका के सीएमओ को पत्र लिखा जा रहा है।साइकिल स्टैंड परिसर में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यूनिवर्सिटी परिसर को शांत, सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड की हुईं एक आवश्यक बैठक में अन्य अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो शुभा तिवारी ने की।

कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल के मुताबिक यूनिवर्सिटी परिसर में अनुशासन और शांति बनाए रखने तथा बाहरी तत्वों के प्रवेश पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के लिए कुलगुरु प्रो शुभा तिवारी की अध्यक्षता में प्रॉक्टोरियल बोर्ड की एक जरूरी बैठक आयोजित की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि यूनिवर्सिटी तिराहा से पुलिस लाइन तिराहा के मार्ग में यूनिवर्सिटी के सामने दुकानें खोल कर अत्यधिक अतिक्रमण किया जा रहा है,उसे हटाने हेतु जिला कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक एवं सीएमओ नगरपालिका को पत्र लिखा जाएगा।

यहां अतिक्रमण कर तरह तरह की खुली दुकानों में असामाजिक तत्वों का दिन भर जमावड़ा रहता है जो महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, अवंतीबाई कॉलेज या कोचिंग आने जाने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करने के साथ साथ छेड़खानी करने से भी नहीं चूकते।कॉलेज तिराहा पर इस समय गरम कपड़ों की दुकान खोलने वाले लोग अतिक्रमण कर बल्लियां और चद्दर लगा कर बड़े एरिया में अपनी दुकानों को बनाने में दिन रात जुटे है।यहां लगने वाली चाट पोहा की दुकानदारों को ये कपड़े वाले दबंगई से खदेड़ कर रोड के उस पार भगा देते हैं,जिससे ये मार्ग दिनभर बेहद सकरा और भीड़भाड़ वाला हो जाता है, जाम लगता रहता है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यूनिवर्सिटी आने वाले छात्र छात्राएं तथा काम से आने वाले बाहरी व्यक्ति पहचान छिपाने मास्क या गमछा पहन कर परिसर में प्रवेश नहीं करेंगे। पुलिस प्रशासन ने भी विगत में हुई घटनाओं को देखते हुए मास्क या मफलर से मुंह छिपा कर आने जाने पर रोक लगाने की एडवाइजरी जारी की हुई है।यूनिवर्सिटी आने वाले प्रत्येक छात्र और छात्रा को उनकी निर्धारित यूनिफार्म तथा आई कार्ड देख कर ही यूनिवर्सिटी में प्रवेश दिया जाएगा।देखा गया है कि कई असामाजिक तत्व यूनिवर्सिटी में प्रवेश कर वातावरण को अशांत और खराब करने का प्रयास करते हैं। ऐसी प्रतिकूल गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु ये निर्णय कारगर होगा।

इसके साथ ही साइकिल स्टैंड पर भी सीसीटीवी लगवाने का निर्णय लिया गया। इससे सभी प्रकार की सुरक्षा होने के साथ परिसर की गतिविधियों पर निगरानी हो।सकेगी एवं अप्रिय घटनाओं पर रोक लग सकेगी।विश्वविद्यालय में कार्य से आने वाले बाहरी व्यक्तियों के विवरण दर्ज करने हेतु एक पंजी संधारित करने का भी निर्णय बैठक में लिया गया।साइकिल स्टैंड के बाहर ई रिक्शों के बढ़ते जमावड़े को देखते हुए गेट के उस पर ऑटो स्टेंड बनाने हेतु भी जिला तथा पुलिस प्रशासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया, जिससे यातायात सुगम होगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में कुलगुरु प्रो शुभा तिवारी, कुलसचिव श्री यशवंत सिंह पटेल ,डीसीडीसी डा ओपी अरजरिया, प्रॉक्टोरियल बोर्ड की संयोजक डॉ विभा वासुदेव, सदस्य डॉ जेपी शाक्य,डॉ एस पी जैन, डा बीएस परमार,डा केके गंगेले,डा बीडी नामदेव, सहायक कुलसचिव श्रीमती निशा माली उपस्थित रहे।कुलगुरु प्रो शुभा तिवारी ने बैठक में लिए गए निर्णयों को शीघ्रतापूर्वक और कड़ाई से लागू करने के निर्देश कुलसचिव को दिए है।छात्रों तथा आगंतुकों की जानकारी तथा जागरूकता हेतु तत्संबंधी सूचनाएं यूनिवर्सिटी परिसर में फ्लैस में लिख प्रसारित की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button