सिंगरौली

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बच्चों को सुरक्षा व आत्मविश्वास का दिया संदेश

@सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में, तथा रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक हेमन्त चौहान, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में, जिले में दिनांक 01 से 30 नवम्बर 2025 तक “मुस्कान विशेष अभियान” संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज स्काईलार्क पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 1500 छात्र–छात्राएँ, अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने एनुअल फंक्शन में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित किया और सुरक्षा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि “पुलिस और समाज के बीच सर्वश्रेष्ठ संवाद तब स्थापित होता है जब हम सीधे बच्चों से बात करते हैं, क्योंकि वही भविष्य हैं। सुरक्षित, शिक्षित और आत्मविश्वासी भविष्य ही एक प्रगतिशील समाज का आधार है।”

एसपी श्री खत्री ने जोर देते हुए कहा कि वही समाज सशक्त बन सकता है जहाँ —

  • सुरक्षा सभी के लिए समान हो
  • महिलाओं और बच्चियों को अधिकार व अवसर बराबरी के मिले
  • शिक्षा और जीवन में किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो
  • हर नागरिक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में आगे बढ़ सके

अभियान के तहत छात्र–छात्राओं को महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, मानव तस्करी, साइबर अपराध, गुड टच–बैड टच, मोबाइल व सोशल मीडिया सुरक्षा तथा सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों के प्रति जागरूक किया गया।

अपने प्रेरक संदेश में पुलिस अधीक्षक महोदय ने बच्चों से कहा कि — मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग समझदारी के साथ करें

कठिनाई आने पर चुप न रहें, तुरंत शिकायत करें

कमजोर विद्यार्थी हताश न हों — नियमित अभ्यास, एकाग्रता और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है

लड़कियों और लड़कों के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव अस्वीकार्य है

कार्यक्रम में ह्यूमन ट्रैफिकिंग, बाल सुरक्षा और सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों पर आधारित शॉर्ट मूवी भी प्रदर्शित की गई, जिसने बच्चों में आत्मरक्षा और जागरूकता की समझ को और मजबूत किया।

समापन में श्री खत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा “हर युवक अभिमन्यु की तरह बने — जो समाज में महिलाओं और बच्चियों को समान अवसर दे और उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा आगे आए।”

Related Articles

Back to top button