छतरपुर

पुलिस का बड़ा एक्शन: ₹7 लाख की चोरी का पर्दाफाश, सोने-चांदी के जेवरातों के साथ 3 शातिर चोर सलाखों के पीछे

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। बिजावर अनुभाग के किशनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुपी में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी किशनगढ़ वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न केवल चोरी की गुत्थी सुलझाई, बल्कि वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 7 लाख रुपए की कीमत का मशरुका (सामान) भी बरामद किया है।

सूने घर को बनाया था निशाना, सितंबर में हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुपी निवासी रामाधीन यादव के घर में बीते सितंबर माह में चोरों ने सेंधमारी की थी। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने घर के अंदर रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। फरियादी की शिकायत पर थाना प्रभारी किशनगढ़ वीरेंद्र कुमार ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्य और ‘मुखबिर तंत्र’ से मिला सुराग
वारदात के बाद से ही पुलिस की टीमें सक्रिय थीं। थाना प्रभारी किशनगढ़ वीरेंद्र कुमार ने घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से क्षेत्र में संदिग्ध मोबाइल मूवमेंट को ट्रैक किया गया। इसी बीच मुखबिरों से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के जेवरात बेचने की फिराक में हैं और उनके पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल भी देखी गई है।

पुलिस की घेराबंदी में टूटे चोर, उगला सारा राज
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी किशनगढ़ वीरेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी सबूत सामने रखे, तो आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी करना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
रविकांत यादव पिता राजू यादव (निवासी ग्राम देवरा, थाना किशनगढ़)
शैलेंद्र यादव पिता मुन्ना लाल यादव (निवासी ग्राम लक्ष्मणपुरा, थाना ओरछा रोड)
प्रदीप सोनी पिता प्रेम नारायण सोनी (निवासी ग्राम देवरा, थाना किशनगढ़)
बरामद की गई संपत्ति (कुल कीमत ₹7 लाख)
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया सारा कीमती सामान बरामद कर लिया है:
जेवरात: सोने का हार, झुमकी, हाफ पेटियां, चांदी की बिछिया, पायल, चूड़ियां और अन्य कीमती आभूषण।
गैजेट्स: वारदात में इस्तेमाल और चोरी किए गए 3 एंड्राइड मोबाइल फोन।
वाहन: चोरी करने के लिए उपयोग की गई एक मोटरसाइकिल।

इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी किशनगढ़ वीरेंद्र कुमार की रणनीति और सक्रियता सबसे अहम रही। उनके साथ इस ऑपरेशन में ईसानगर थाना प्रभारी मनोज गोयल, पिपट थाना प्रभारी राहुल तिवारी, बिजावर से उप निरीक्षक कमलजीत सिंह, चौकी प्रभारी कुपी जगदीश तिवारी और साइबर सेल की टीम ने दिन-रात एक कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Back to top button