मध्यप्रदेशभोपाल संभाग

कांग्रेस की दूसरी सूची आने के बाद शुरू हुई जमकर बगावत

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अब तक 230 में से 229 प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। बैतूल जिले की आमला सीट पर कांग्रेस ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। पार्टी यहां से डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को प्रत्याशी बना सकती है। बांगरे का इस्तीफा मंजूर नहीं होने से मामला कोर्ट में है। गुरुवार देर रात तीन प्रत्याशियों के टिकट बदलने के साथ कांग्रेस ने 88 नाम की दूसरी सूची में घोषणा कर दी। इसके बाद कई जगह बगावत शुरू हो गई है। टिकट कटने से नाराज दावेदारों ने जावरा, बुरहानपुर, रीवा, सिवनी मालवा, सेमरिया में विरोध प्रदर्शन किया। यहां कांग्रेस कार्यालय के सामने पुतला दहन किया गया। कार्यकर्ताओं के बगावती तेवर से कांग्रेस को चुनाव में नुकसान हो सकता है। वहीं, पार्टी भी डैमेज कंट्रोल में जुट गई हैं।

महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडे ने दिया इस्तीफा-
प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष कविता पांडे ने दूसरी सूची आने के बाद पार्टी के सभी पदो से इस्तीफा दे दिया। कविता पांडे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर लिखा कि कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से अपने आप को मुक्त करती हूं। धन्यवाद। कविता पांडे रीवा से टिकट की दावेदारी कर रही थी। रीवा शहर से पार्टी ने राजेंद्र शर्मा को टिकट दिया है।

रतलाम ग्रामीण और जावरा सीट पर विरोध, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी-
कांग्रेस की दूसरी सूची जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने रात में ही जावरा में कांग्रेस प्रत्याशी हिम्मत श्रीमाल का पुतला फूंका। यहां से वीरेंद्र सोलंकी और डीपी धाकड़ दावेदारी कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर शीर्ष नेतृत्व से टिकट बदलने की मांग की है। वहीं, रतलाम ग्रामीण में कांग्रेस ने लक्ष्मण सिंह डिंडौर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस नेता उनको बाहरी बताकर विरोध कर रहे हैं।

बुरहानपुर में विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा का हो रहा विरोध-
वहीं कांग्रेस ने बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा को टिकट दिया है। यहां पर अल्पसंख्यक उम्मीदवार घोषित करने की मांग की जा रही थी, लेकिन कांग्रेस ने शेरा पर भरोसा जताया है। इसके विरोध में रात में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शेरा का पुतला फूंका।

सिवनी मालवा में भी जमकर हो रहा विरोध-
नर्मदापुरम के सिवनी मालवा में कांग्रेस ने अजय बलराम को प्रत्याशी बनाया है। यहां पर पूर्व विधायक ओमप्रकाश रघुवंशी दावेदारी कर रहे है। कांग्रेस की सूची आने के बाद रघुवंशी के समर्थकों ने देरात नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के निर्णय को गलत बताते हुए टिकट वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

रीवा के सेमारिया में भी कार्यकर्ता हुए नाराज-
रीवा जिले की सेमारिया सीट पर कांग्रेस ने अभय मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। अभिय मिश्रा कुछ समय पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया, लेकिन अभी कांग्रेस की सदस्यता नहीं ली है। इसके पहले ही पार्टी ने दूसरी सूची में उनको प्रत्याशी बना दिया। स्थानीय कार्यकर्ताओं में पार्टी छोड़कर आने-जाने वालों को टिकट देने से नाराजगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button